BJP राष्ट्रीय टीम में गोरखपुर क्षेत्र का बढ़ा दबदबा: हरीश द्विवेदी बने राष्ट्रीय महामंत्री, संगीता यादव बनीं राष्ट्रीय मंत्री

गोरखपुर|22 घंटे पहले
हरीश द्विवेदी बने राष्ट्रीय महामंत्री, संगीता यादव बनीं राष्ट्रीय मंत्री

भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में शहर की राजनीतिक पकड़ और मजबूत हुई है। राष्ट्रीय संगठन की मुख्य टीम में क्षेत्र से जुड़े दो नेताओं को अहम जिम्मेदारी मिली है। बस्ती के पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी को राष्ट्रीय महामंत्री और शहर की संगीता यादव को राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है। इसके अलावा देवरिया के सजांव गांव के मूल निवासी शिवानंद द्विवेदी को राष्ट्रीय सोशल मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी मिली है। उनका चयन दिल्ली राज्य से हुआ है, लेकिन उनका पैतृक संबंध गोरखपुर क्षेत्र से है।

पिछली राष्ट्रीय कार्यकारिणी में गोरखपुर क्षेत्र से राज्यसभा सांसद डॉ. राधामोहनदास अग्रवाल को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी मिली थी। हालांकि, उनके अलावा क्षेत्र से किसी अन्य महत्वपूर्ण पद पर नियुक्ति नहीं हुई थी। इससे पहले हरीश द्विवेदी भी भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री रह चुके हैं। नई टीम में क्षेत्र के तीन नेताओं को अहम जिम्मेदारी मिलने से संगठन में गोरखपुर का प्रभाव एक बार फिर दिखाई दिया है।

चुनाव प्रबंधन में हरीश द्विवेदी की पहचान

हरीश द्विवेदी लंबे समय से भाजपा संगठन में सक्रिय हैं और उन्हें चुनाव प्रबंधन का माहिर माना जाता है। पूर्वांचल में ब्राह्मण चेहरे के तौर पर भी उनकी मजबूत पहचान है। उन्होंने विद्यार्थी परिषद से राजनीतिक सफर शुरू किया और गोरखपुर के विभाग संगठन मंत्री की जिम्मेदारी संभाली। इसके बाद प्रयागराज में भी संगठन को मजबूत करने में भूमिका निभाई। भाजपा में आने के बाद उन्होंने युवा मोर्चा में संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी संभाली। बाद में प्रदेश उपाध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष भी रहे। 2012 में बस्ती सदर से विधानसभा चुनाव लड़ा, लेकिन जीत नहीं मिली। 2014 और 2019 में बस्ती से लोकसभा चुनाव जीतकर सांसद बने। 2024 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद पार्टी ने उन्हें विभिन्न राज्यों में संगठनात्मक जिम्मेदारियां दीं। वर्तमान में वह राजस्थान में स्थानीय निकाय चुनाव के प्रभारी हैं।

संगीता यादव के बढ़ते राजनीतिक कद पर मुहर

संगीता यादव ने 2017 के विधानसभा चुनाव में चौरी चौरा सीट से भाजपा प्रत्याशी के तौर पर जीत दर्ज की थी। उस समय क्षेत्र में उनकी पहचान सीमित थी, लेकिन चुनाव जीतने के बाद उन्होंने लगातार सक्रियता बनाए रखी। 2022 में टिकट नहीं मिलने के बाद उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चाएं शुरू हुईं। इसके बाद पार्टी ने उन्हें राज्यसभा भेजकर जिम्मेदारी बढ़ाई। वह महिला मोर्चा में भी संगठनात्मक दायित्व निभाती रही हैं। अब राष्ट्रीय मंत्री बनाए जाने के साथ पार्टी संगठन में उनका कद और बढ़ा है।

चुनावी रणनीति और सोशल मीडिया में सक्रिय रहे शिवानंद

शिवानंद द्विवेदी को राष्ट्रीय सोशल मीडिया सह-संयोजक बनाया गया है। वह मूल रूप से देवरिया के सजांव गांव के रहने वाले हैं। राजनीतिक शोध, लेखन, चुनावी रणनीति, सोशल मीडिया और पॉलिटिकल कम्युनिकेशन के क्षेत्र में सक्रिय शिवानंद विभिन्न विधानसभा और लोकसभा चुनावों में रणनीति व प्रबंधन से जुड़े रहे हैं। गुजरात, बिहार, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के विधानसभा चुनावों के साथ 2014 और 2019 के लोकसभा चुनावों में भी उनकी भूमिका रही है। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की राजनीतिक यात्रा पर आधारित जीवनी का सह-लेखन भी किया है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।