गोरखपुर में शादी के बाद पति ने बनाई दूरी: पत्नी ने लगाया नपुंसकता का आरोप, ससुराल के आठ लोगों पर केस दर्ज

गोरखपुर|17 अगस्त 2026
पत्नी ने लगाया नपुंसकता का आरोप, ससुराल के आठ लोगों पर केस दर्ज

रामगढ़ताल क्षेत्र की महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष के सात अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। महिला का आरोप है कि शादी के बाद से उसका पति लगातार शारीरिक संबंध बनाने से बचता रहा और करीब डेढ़ साल तक अलग-अलग बहाने करता रहा। महिला के मुताबिक, जब उसने पति के साथ संबंध बनाने की कोशिश की तो उसे पति के शारीरिक रूप से सक्षम नहीं होने की जानकारी हुई। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने पति की कथित समस्या छिपाकर शादी कराई और बाद में दहेज के लिए दबाव बनाया। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

शाहपुर इलाके की रहने वाली महिला की शादी रामगढ़ताल क्षेत्र के युवक से 17 नवंबर 2024 को शहर के एक बड़े लॉन में हुई थी। महिला के अनुसार, शादी में उसके परिवार ने 20 लाख रुपये नकद, सोने की ज्वेलरी और कई कीमती सामान दहेज में दिए थे। उसका पति टेक्निकल कॉलेज में पढ़ाता है और एक स्कूल का संचालन भी करता है। शादी के बाद वह रामगढ़ताल क्षेत्र स्थित ससुराल पहुंची। 19 नवंबर को वहां बहुभोज का आयोजन हुआ, जिसमें रिश्तेदार शामिल हुए और कार्यक्रम देर रात तक चला। महिला का कहना है कि बहुभोज के बाद जब वह पति के साथ कमरे में गई तो उसने थकान का हवाला देकर शारीरिक संबंध बनाने से इनकार कर दिया। इसके बाद कभी बीपी तो कभी नर्वस होने की बात कहकर वह लगातार उससे दूरी बनाता रहा। महिला के अनुसार, पति के व्यवहार को लेकर वह परेशान रहने लगी। इसी दौरान जेठ, ननद, जीजा और भांजी कथित तौर पर उसे दहेज को लेकर ताने देने लगे।

25 लाख रुपये और लाने का दबाव लगाने का आरोप

महिला ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोग उससे कहते थे कि उसका पति टेक्निकल कॉलेज में पढ़ाता है और स्कूल भी चलाता है, इसलिए मायके से पर्याप्त दहेज नहीं मिला। उससे घर से 25 लाख रुपये और लाने की मांग की जाती थी। आरोप है कि उससे कहा गया कि जब तक वह 25 लाख रुपये नहीं लाएगी, तब तक उसका पति उसके साथ कमरे में नहीं सोएगा। महिला के मुताबिक, जनवरी 2025 में खरमास खत्म होने के बाद वह मायके आई, लेकिन पति से जुड़ी निजी बात किसी को नहीं बताई। उसने शर्म के कारण परिवार के लोगों से भी इस संबंध में चर्चा नहीं की। कुछ दिन मायके में रहने के बाद वह दोबारा ससुराल चली गई।

दोबारा घर आने पर जान से मारने की दी धमकी

महिला ने बताया कि ससुराल लौटने के बाद भी उसने पति के करीब आने की कोशिश की। लेकिन वह अलग-अलग बहाने बनाकर उससे दूरी रखता रहा। अकेले में बातचीत के दौरान पति ने उसे जल्द हनीमून पर ले जाने का आश्वासन दिया। काफी समय बीतने के बाद भी न तो उसे हनीमून पर ले जाया गया और न ही पति ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। महिला के अनुसार, इसके बाद उसने घर पर पति के साथ शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की। इसी दौरान उसे पति की कथित शारीरिक अक्षमता की जानकारी हुई। महिला का आरोप है कि इस बारे में ससुराल वालों को बताया तो पति समेत परिवार के लोगों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उसे रामगढ़ताल क्षेत्र में छोड़ दिया गया। महिला ने आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने दोबारा घर आने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

महिला ने मायके पहुंचकर परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। उसका आरोप है कि ससुराल वालों ने दहेज का सामान भी अपने पास रख लिया और अब उसे जान से मारने की धमकी दी जा रही है। मामले की जांच रामगढ़ताल थाने की उप निरीक्षक आयशा बानो को सौंपी गई है। थाना प्रभारी श्याम नंद राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।