गोरखपुर में चाइनीज मांझे से किसान की गर्दन कटी: सात टांके लगे, टीशर्ट से खून रोककर पहुंचे अस्पताल

शहर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। गीडा थाना क्षेत्र के नौसड़ में बाइक से बाजार जा रहे किसान की गर्दन चाइनीज मांझे की चपेट में आकर कट गई। गर्दन से तेज ब्लड बहने पर किसान ने तत्काल अपनी टीशर्ट उतारकर घाव पर बांधी और किसी तरह चौराहे पर मौजूद डॉक्टर के पास पहुंचे। उपचार के दौरान डॉक्टर ने उनकी गर्दन पर सात टांके लगाए।
नौसड़ निवासी रामप्रताप निषाद बाइक से हरैया बाजार सब्जी लेने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक चाइनीज मांझा उनकी गर्दन में फंस गया। मांझे की तेज धार से गर्दन कट गई और संतुलन बिगड़ने से वह बाइक से गिर पड़े। हादसे के तुरंत बाद गर्दन से तेजी से खून निकलने लगा। रामप्रताप के मुताबिक, उन्होंने बिना देर किए अपनी टीशर्ट उतारी और गर्दन पर बांधकर ब्लड रोकने की कोशिश की। इसके बाद वह किसी तरह चौराहे पर स्थित डॉक्टर के पास पहुंचे। डॉक्टर ने घाव की जांच करने के बाद इलाज किया और कटे स्थान पर सात टांके लगाए।
बिक्री और इस्तेमाल पर रोक की मांग
घटना के बाद आसपास के लोगों में चाइनीज मांझे को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रतिबंधित मांझा राहगीरों के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है। लोगों ने चाइनीज मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर प्रभावी रोक लगाने के साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।










