गोरखपुर में युवक ने किया सुसाइड: कमरे में फंदे से लटका मिला शव, पत्नी से हुआ था विवाद

झंगहा थाना क्षेत्र के जंगल गौरी नंबर-एक के मलहटोली में आपसी विवाद के बाद युवक ने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। युवक ने पंखे में साड़ी के सहारे फंदा लगाया था। परिजनों ने उसे गंभीर हालत में स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने गोरखपुर रेफर कर दिया। निजी अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जंगल गौरी नंबर-एक निवासी राहुल निषाद के घर में घटना के समय उसकी मां किस्मती देवी शिव मंदिर में पूजा करने गई थीं। जब वह घर लौटीं, तो उन्होंने राहुल को कमरे में फंदे से लटका देखा। इसके बाद उन्होंने शोर मचाया। आवाज सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों ने साड़ी काटकर राहुल को नीचे उतारा और तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां हालत गंभीर होने पर उसे गोरखपुर रेफर किया गया। परिजन उसे एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
शराब का आदी था युवक
मृतक की पत्नी प्रियंका ने पुलिस को बताया कि राहुल शराब का आदी था। नशे की हालत में वह अक्सर विवाद करता था। इसे लेकर थाने में कई बार दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौता भी हो चुका था। प्रियंका के मुताबिक, 14 अगस्त को भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद उसने अपने मायके वालों को जानकारी दी थी। प्रियंका की शिकायत पर पुलिस ने राहुल को जेल भेज दिया था। बाद में उसके माता-पिता प्रियंका को अपने साथ गायघाट स्थित मायके ले गए थे।
दो बच्चों का पिता था राहुल
राहुल की शादी खजनी थाना क्षेत्र के गायघाट में हुई थी। उसके आठ वर्षीय बेटे रिषभ और पांच वर्षीय बेटी आराध्या हैं। राहुल चार बहनों और तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। घटना के समय उसके पिता और एक भाई मुंबई में थे, जबकि छोटा भाई चंडीगढ़ में था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई
घटना के संबंध में मृतक की मां किस्मती देवी ने झंगहा थाने में लिखित तहरीर दी है। थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।










