गोरखपुर से चलेंगी दो अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें: श्रावणी मेले के लिए 18 से 26 अगस्त के बीच होगा संचालन, बिहार-झारखंड के श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत

देवघर में चल रहे श्रावणी मेले को देखते हुए रेलवे ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए गोरखपुर से दो विशेष ट्रेनों के संचालन का फैसला किया है। दोनों ट्रेनें अनारक्षित होंगी और गोरखपुर के साथ बिहार व झारखंड रूट के यात्रियों को आवागमन में सहूलियत देंगी। रेलवे के अनुसार, इन विशेष ट्रेनों का संचालन 18, 19, 25 और 26 अगस्त को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार किया जाएगा।
03571 आसनसोल-गोरखपुर श्रावणी मेला स्पेशल 18 और 25 अगस्त को सुबह 11:30 बजे आसनसोल से रवाना होगी। चित्तरंजन, मधुपुर, जसीडीह, झाझा, जमुई, किऊल, बरौनी, हाजीपुर, सोनपुर, छपरा और सीवान होते हुए यह ट्रेन अगले दिन रात 1:30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वापसी में 03572 गोरखपुर-आसनसोल स्पेशल 19 और 26 अगस्त को सुबह 5:15 बजे रवाना होकर देवरिया सदर, सीवान, छपरा, हाजीपुर, बरौनी, जमुई, झाझा, जसीडीह और मधुपुर होते हुए रात 9 बजे आसनसोल पहुंचेगी।
बासुकीनाथ-गोरखपुर स्पेशल भी चलेगी
03565 बासुकीनाथ-गोरखपुर स्पेशल 18 और 25 अगस्त को सुबह 10:30 बजे बासुकीनाथ से चलेगी। देवघर, झाझा, जमुई, किऊल, मोकामा, पटना, पाटलिपुत्र, छपरा, सीवान और देवरिया सदर होते हुए यह अगले दिन सुबह 3:30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वापसी में 03566 गोरखपुर-जसीडीह स्पेशल 19 और 26 अगस्त को सुबह 6:10 बजे गोरखपुर से चलेगी और चौरी चौरा, गौरी बाजार, देवरिया सदर, सीवान, छपरा, पटना, मोकामा, किऊल, जमुई व झाझा होते हुए शाम 6:45 बजे जसीडीह पहुंचेगी।
श्रद्धालुओं को मिलेगा अतिरिक्त विकल्प
रेलवे के मुताबिक, दोनों विशेष ट्रेनों में 22 अनारक्षित कोच लगाए जाएंगे। इनमें सामान्य द्वितीय/शयनयान श्रेणी के 20 कोच और दो एसएलआरडी कोच शामिल हैं। इन ट्रेनों के संचालन से श्रावणी मेले के दौरान गोरखपुर, बिहार और झारखंड के बीच यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।










