गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा सख्त: एसपी ने परखी प्लेटफॉर्म-पार्किंग की व्यवस्था, कार्यालय और रिकॉर्ड का लिया जायजा

गोरखपुर|1 घंटा पहले
एसपी ने परखी प्लेटफॉर्म-पार्किंग की व्यवस्था, कार्यालय और रिकॉर्ड का लिया जायजा

गोरखपुर रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जीआरपी ने सतर्कता बढ़ा दी है। पुलिस अधीक्षक रेलवे लक्ष्मी निवास मिश्र ने जीआरपी थाना गोरखपुर का वार्षिक निरीक्षण करने के साथ स्टेशन का पैदल भ्रमण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पुलिस उपाधीक्षक रेलवे गोरखपुर अशोक कुमार सिंह भी मौजूद रहे। एसपी रेलवे ने थाना परिसर के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और अधिकारियों-कर्मचारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने यात्रियों की सुरक्षा, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली को लेकर विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया।

वार्षिक निरीक्षण के दौरान सीसीटीएनएस कार्यालय, नफीस, मालखाना, बंदीगृह, शस्त्रागार और थाना कार्यालय का निरीक्षण किया गया। एसपी रेलवे ने संबंधित अभिलेखों की स्थिति देखी और उन्हें समय से अपडेट रखने के निर्देश दिए। थाने में लंबित विवेचनाओं की भी समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों का गुणवत्तापूर्ण तरीके से जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए, ताकि विवेचनाओं को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।

उपकरणों की एक्सपायरी डेट देखी

यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शस्त्रागार में रखे हथियारों और सुरक्षा उपकरणों की स्थिति भी परखी गई। हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर, डंडे और दंगा नियंत्रण से जुड़े अन्य उपकरणों की जांच की गई। अधिकारियों ने उपकरणों की एक्सपायरी डेट भी देखी। एसपी रेलवे ने निर्देश दिया कि सभी सुरक्षा उपकरण व्यवस्थित स्थिति में रहें और जरूरत पड़ने पर तत्काल इस्तेमाल किए जा सकें। दंगा नियंत्रण से जुड़े संसाधनों को भी सक्रिय और तैयार रखने पर जोर दिया गया।

महिला पुलिसकर्मी से कामकाज की ली जानकारी

निरीक्षण के दौरान महिला हेल्प डेस्क की व्यवस्थाएं भी देखी गईं। एसपी रेलवे ने वहां तैनात महिला पुलिसकर्मी से कामकाज की जानकारी ली। उन्होंने महिला यात्रियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनने और उनके साथ संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही थाने में तैनात पुलिसकर्मियों से उनकी जिम्मेदारियों और कामकाज के बारे में जानकारी ली गई। पुलिसकर्मियों की समस्याएं भी सुनी गईं और उनके समाधान के लिए प्रभारी निरीक्षक जीआरपी गोरखपुर को आवश्यक निर्देश दिए गए।

अधिकारियों को दिए निर्देश

थाने के निरीक्षण के बाद पुलिस अधीक्षक रेलवे ने गोरखपुर रेलवे स्टेशन का पैदल भ्रमण किया। इस दौरान प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, आउटर, पार्किंग और वेटिंग हॉल समेत कई स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था परखी गई। उन्होंने यात्रियों के सुरक्षित और सुगम आवागमन को लेकर मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। स्टेशन परिसर में किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल नजर रखने और जरूरत पड़ने पर कार्रवाई करने को कहा गया।

सावन मेले और कांवड़ यात्रा को लेकर सतर्कता

श्रावण मास के मेले, कांवड़ यात्रा और आगामी त्योहारों को देखते हुए रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत रखने के निर्देश दिए गए। प्रभारी निरीक्षक जीआरपी गोरखपुर को अलर्ट मोड में रहने के साथ संदिग्ध व्यक्तियों और ज्वलनशील पदार्थों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्टेशन परिसर में लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

RPF के साथ मिलकर होगी सघन चेकिंग

रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा को लेकर जीआरपी को आरपीएफ के साथ बेहतर समन्वय बनाकर सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलते ही तत्काल कार्रवाई करने और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने को कहा गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक रेलवे ने अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता और यात्रियों के प्रति सहयोगात्मक रवैये के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।