अवैध प्लॉटिंग पर चला जीडीए का बुलडोजर: दो गांवों में ध्वस्त की अवैध कॉलोनी, दस्तावेज नहीं होने पर की कार्रवाई

शहर में अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ गोरखपुर विकास प्राधिकरण ने बड़ा अभियान चलाया। उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल के निर्देश पर प्रवर्तन टीम ने दो गांवों में करीब 5.7 एकड़ जमीन पर विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान संबंधित लोगों से स्वीकृत लेआउट और तलपट मानचित्र से जुड़े दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध प्रपत्र प्रस्तुत नहीं कर सके।
अधिशासी अभियंता राकेश प्रताप के नेतृत्व में टीम सबसे पहले ग्राम पिछौरा पहुंची। यहां उमेश शुक्ला और रामू शुक्ला की ओर से करीब 3000 वर्ग मीटर क्षेत्र में प्लॉटिंग की जा रही थी। टीम ने प्लॉटिंग से संबंधित तलपट मानचित्र मांगा, लेकिन मौके पर कोई दस्तावेज नहीं दिखाया गया। इसके बाद प्रवर्तन टीम ने बुलडोजर चलाकर अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया।
बेतुआ में 20 हजार वर्ग मीटर पर कार्रवाई
इसके बाद टीम बेतुआ उर्फ चनऊ पहुंची। यहां करीब 20 हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में अवैध रूप से कॉलोनी विकसित की जा रही थी। जांच के दौरान प्लॉटिंग से जुड़े जरूरी कागजात प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद जीडीए की टीम ने बुलडोजर चलाकर पूरी प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया।
जीडीए उपाध्यक्ष ने कहा- जारी रहेगा अभियान
जीडीए उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने कहा कि अवैध प्लॉटिंग और निर्माण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। बिना स्वीकृत लेआउट के प्लॉटिंग या किसी तरह का नियोजन पूरी तरह गैरकानूनी है। इसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। कार्रवाई में सहायक अभियंता धर्मेश, अवर अभियंता प्रभात कुमार, राकेश कुमार और संदीप सोनी समेत अन्य कर्मचारी शामिल रहे।










