बस्ती में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत: हादसे में एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर घायल

हरैया थाना क्षेत्र के बभनान मोड़ सर्विस लेन पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई। वहीं, दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया। लेकिन रास्ते में एक युवक ने दम तोड़ दिया। पुलिस फिलहाल मृतक की शिनाख्त करने में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार तेज गति से आ रही दोनों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। रास्ते में एक युवक की मौत हो गई। वहीं, दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है।
मृतक की पहचान के प्रयास जारी
घायल युवक की पहचान मनीष पुत्र शिवलाल निवासी मोतीनगर, थाना हरैया, जनपद बस्ती के रूप में हुई है। उसका जिला अस्पताल बस्ती में उपचार चल रहा है और डॉक्टर उसकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही उसकी पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









