गोरखपुर में गुरु पूर्णिमा पर सीएम योगी का जनता दरबार: 200 फरियादियों की सुनी समस्या, अफसरों को तुरंत कार्रवाई के दिए निर्देश

गुरु पूर्णिमा के अवसर पर धार्मिक अनुष्ठानों और व्यस्त कार्यक्रमों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में करीब 200 फरियादियों से मुलाकात की। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने लोगों की समस्याएं एक-एक कर सुनीं और भरोसा दिलाया कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध एवं संतोषजनक समाधान कराया जाएगा। सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर प्रकरण का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि धन के अभाव में किसी भी मरीज का उपचार नहीं रुकने दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मरीजों के इलाज का इस्टीमेट तत्काल तैयार कर शासन को भेजा जाए। इससे समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके। वहीं गाजीपुर और देवरिया से आए कुछ फरियादियों ने जमीन पर कब्जा न मिलने की शिकायत की। मुख्यमंत्री ने संबंधित जिलों के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर निष्पक्ष जांच कराने और पात्र लोगों को शीघ्र कब्जा दिलाने के निर्देश दिए।
गोशाला में गायों को खिलाया गुड़ और रोटी
जनता दर्शन के दौरान महिलाओं के साथ आए बच्चों से मुख्यमंत्री ने बातचीत की, उनका हालचाल जाना और उन्हें चॉकलेट भी वितरित की। इससे पहले वह गोरखनाथ मंदिर परिसर की गोशाला पहुंचे, जहां गायों को गुड़ और रोटी खिलाई और उनकी देखभाल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने गोशाला कर्मचारियों को साफ-सफाई बनाए रखने और सभी गोवंश की बेहतर देखरेख सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
गुरु परंपरा को किया नमन
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने महायोगी गुरु गोरखनाथ का विधि-विधान से विशेष पूजन किया। इसके बाद उन्होंने अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ, दादागुरु महंत दिग्विजयनाथ सहित नाथपंथ के गुरुजनों को श्रद्धांजलि अर्पित की। मंदिर परिसर में स्थित प्रमुख देव विग्रहों और ब्रह्मलीन महंतों की समाधियों पर भी पूजा-अर्चना की गई। नाथपंथ की परंपरा के अनुसार गुरु गोरखनाथ को रोट का महाप्रसाद अर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री ने प्राचीन काली माता मंदिर में दर्शन-पूजन किया। फिर जनता दर्शन में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनीं।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









