गाजियाबाद में पिकअप-ट्रक की टक्कर: 3 की मौत; पांच घायल, हरिद्वार जा रहे थे श्रद्धालु

मोदीनगर के निवाड़ी थाना क्षेत्र में गंगनहर पटरी मार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं, पांच अन्य घायल हो गए। हरिद्वार पूजन के लिए जा रही पिकअप की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पीछा कर ट्रक को मसूरी थाना क्षेत्र में पकड़ लिया और चालक और परिचालक को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान राजस्थान के अलवर जिले के तिजारा थाना क्षेत्र स्थित कलगांव निवासी रमेश, रतन और सरजीत के रूप में हुई है। वहीं अनिल, हर्षित, रोहताश, राजेश, जतिन, बबीता, आशा, शांति और निशिका घायल हुए हैं। सभी का विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है। मृतकों के परिजन अभी निवाड़ी नहीं पहुंचे हैं।
पिकअप के पीछे बने स्टैंड पर बैठे थे यात्री
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मिनी ट्रक कुछ दिन पहले ही खरीदा गया था। श्रद्धालु उसी वाहन से हरिद्वार पूजन के लिए जा रहे थे। वाहन के पीछे बल्ली और रस्सी की मदद से अस्थायी स्टैंड बनाया गया था, जिस पर कई लोग बैठे थे। टक्कर के बाद संतुलन बिगड़ने से वे सड़क पर गिर गए। इससे हादसा और गंभीर हो गया।
चालक और परिचालक गिरफ्तार
पुलिस ने पीछा करते हुए ट्रक को मसूरी थाना क्षेत्र में पकड़ लिया। जहां वाहन को कब्जे में ले लिया गया। आरोपित चालक छोटू निवासी समेलिया, थाना शाहपुरा, भीलवाड़ा (राजस्थान) और परिचालक पिंटू सिंह निवासी सरेड़ी, थाना रुहेला, भीलवाड़ा को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार ट्रक मुरादनगर के डिडोली स्थित एएन एंटरप्राइजेस से सामान लेकर महाराष्ट्र के कोलार जा रहा था। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









