गोंडा में डंपर की टक्कर से व्यापारी की मौत: दोस्त की हालत गंभीर, मंडी से सब्जी खरीदकर लौट रहे थे गांव

देहात कोतवाली क्षेत्र में बुधवार सुबह सब्जी मंडी से लौट रहे लोडिंग ई-रिक्शा की तेज रफ्तार डंपर से आमने-सामने की भिड़ंत में एक सब्जी व्यापारी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर डंपर और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब पांच बजे पराग दत्त साहू अपने मित्र झगरू मौर्य के साथ लोडिंग ई-रिक्शा से गोंडा सब्जी मंडी पहुंचे थे। दोनों प्रतिदिन ताजा सब्जियां खरीदकर आसपास के गांवों में बेचते थे और इसी कारोबार से परिवार का भरण-पोषण होता था। मंडी से खरीदारी के बाद दोनों सुबह करीब सात बजे गांव लौट रहे थे। जब उनका वाहन देहात कोतवाली क्षेत्र के खिरौरा मोहन के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घायल मेडिकल कॉलेज में भर्ती
दुर्घटना में पराग दत्त साहू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, उनके साथी झगरू मौर्य गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को तत्काल गोंडा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
पराग दत्त साहू अपने परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य थे। सब्जी का कारोबार ही परिवार की आय का प्रमुख स्रोत था। उनकी असमय मौत के बाद पत्नी और छोटे बच्चों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। हादसे की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि पराग मेहनती और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे तथा रोज सुबह मंडी जाकर सब्जियां खरीदना उनकी दिनचर्या का हिस्सा था।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच
देहात कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सब्जी मंडी से लौटते समय डंपर की टक्कर से हादसा हुआ। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि वाहन और चालक की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके। दुर्घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









