नोएडा में चार्जिंग के वक्त ईवी स्कूटी में ब्लास्ट: भीषण आग से दो की मौत, 100 से ज्यादा लोगों का सफल रेस्क्यू

उत्तरप्रदेश|58 मिनट पहले
भीषण आग से दो की मौत, 100 से ज्यादा लोगों का सफल रेस्क्यू

नोएडा के सेक्टर-66 स्थित ममूरा इलाके में बुधवार दोपहर एक पांच मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, एक बच्चा और एक युवती गंभीर रूप से झुलस गए। शुरुआती जांच में आग की वजह ग्राउंड फ्लोर पर चार्जिंग के दौरान इलेक्ट्रिक स्कूटी में हुआ धमाका बताया गया है। हादसे के बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासन ने संयुक्त राहत अभियान चलाकर 100 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

प्रारंभिक जांच के अनुसार, इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर एक इलेक्ट्रिक स्कूटी चार्जिंग पर लगी थी। इसी दौरान उसमें तेज धमाका हुआ और आग भड़क उठी। कुछ ही देर में लपटों ने आसपास खड़ी अन्य दोपहिया वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते धुआं और आग पूरी इमारत में फैल गई। इससे वहां रहने वाले लोग फंस गए।

सीढ़ियां लगाकर लोगों को निकाला

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की सात गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। इमारत में रहने वाले करीब 50 परिवारों के 100 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए राहत अभियान चलाया गया। बचाव दल ने दो इमारतों के बीच सीढ़ियां लगाकर लोगों को दूसरी बिल्डिंग में पहुंचाया। इस दौरान कई लोगों को धुएं से बचाते हुए सुरक्षित बाहर निकाला गया।

संकरी गलियां बनीं चुनौती

दमकल विभाग को राहत कार्य के दौरान सबसे बड़ी मुश्किल इलाके की संकरी गलियों के कारण उठानी पड़ी। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकीं। ऐसे में वाहनों को मुख्य सड़क पर खड़ा कर लंबी पाइपलाइन के जरिए आग बुझाने का अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

हिरासत में बिल्डिंग संचालक

नोएडा सेंट्रल के डीसीपी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में ईवी स्कूटी में स्पार्किंग के बाद आग लगने की बात सामने आई है। धुआं तेजी से ऊपरी मंजिलों तक फैल गया। इससे लोगों की जान जोखिम में पड़ गई। पुलिस ने बिल्डिंग संचालक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने दिए राहत कार्य तेज करने के निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने और पूरे घटनाक्रम पर लगातार निगरानी रखने के भी निर्देश दिए। प्रशासन ने बताया कि हादसे के कारणों की हर पहलू से जांच की जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।