देवरिया में लापरवाही पर नपे चार अफसर: डीएम ने थमाया शो-कॉज नोटिस, फीडबैक समीक्षा में सामने आईं खामियां

आईजीआरएस (एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली) पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण में अनियमितता और लापरवाही मिलने पर डीएम मधुसूदन हुल्गी ने सख्त रुख अपनाया है। शिकायतों की समीक्षा और शिकायतकर्ताओं से प्राप्त फीडबैक के आधार पर चार अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि संबंधित अधिकारियों का जवाब संतोषजनक नहीं पाये जाने पर उनके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी विभागों को शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और तथ्यात्मक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी इन दिनों आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों की लगातार समीक्षा कर रहे हैं। प्रत्येक शिकायत के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ताओं से सीधे फीडबैक भी लिया जा रहा है। इसी प्रक्रिया के दौरान कई मामलों में शिकायतकर्ता निस्तारण से असंतुष्ट मिले, जबकि कुछ प्रकरणों में जांच और कार्रवाई में त्रुटियां भी सामने आईं। इसके बाद संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किए गए।
इन मामलों में मांगा गया स्पष्टीकरण
फीडबैक रिपोर्ट के आधार पर सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) भटनी को दो मामलों में, जबकि सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) बरहज, खंड विकास अधिकारी भटनी तथा सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) भागलपुर को एक-एक मामले में नोटिस जारी किया गया है। बरहज के एडीओ पंचायत से भूमिगत नाली निर्माण संबंधी शिकायत, बीडीओ भटनी से प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े प्रकरण, एडीओ पंचायत भटनी से ग्राम पंचायतों की साफ-सफाई से संबंधित दो शिकायतों तथा एडीओ पंचायत भागलपुर से नाली निर्माण संबंधी शिकायत के निस्तारण में पाई गई अनियमितताओं पर जवाब मांगा गया है।
डीएम ने दिए निर्देश
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि आईजीआरएस पर प्राप्त प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, तथ्यपरक और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने दोहराया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









