गोरखपुर में बसपा नेता का हत्यारा STF मुठभेड़ में ढेर: पैर और आंख के पास लगी गोली, जवाबी कार्रवाई में हेड कॉन्स्टेबल घायल

उत्तरप्रदेश|12 घंटे पहले
पैर और आंख के पास लगी गोली, जवाबी कार्रवाई में हेड कॉन्स्टेबल घायल

बसपा नेता कलामुद्दीन उर्फ कमालू हत्याकांड के मुख्य आरोपी और एक लाख रुपये के इनामी बदमाश मुस्तफिजुल की गोरखपुर में यूपी एसटीएफ और पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार आरोपी ने घेराबंदी के दौरान फायरिंग की। इसके जवाब में हुई कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

शहर के रामनगर-करजहा फोरलेन पर एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर एक लाख रुपये के इनामी बदमाश मुस्तफिजुल को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह कुशीनगर की ओर जाने वाला है। टीम ने चेकिंग के दौरान उसे बाइक से आते देखा और रुकने का संकेत दिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की और पीछा किए जाने पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान चली गोली एसटीएफ के हेड कॉन्स्टेबल महेंद्र सिंह को लगी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इसमें मुस्तफिजुल के पैर और आंख के पास गोली लगी। घायल आरोपी और हेड कॉन्स्टेबल को तत्काल खोराबार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान मुस्तफिजुल की मौत हो गई। मौके से .32 बोर की पिस्टल, कारतूस और एक बाइक बरामद की गई। पुलिस के अनुसार करीब 30 मिनट तक चली मुठभेड़ में दोनों ओर से लगभग 15 राउंड फायरिंग हुई।

गुजरात से गिरफ्तारी के बाद ट्रेन से फरार हुआ था आरोपी

मुस्तफिजुल आजमगढ़ के मेहनगर थाना क्षेत्र का निवासी था। उसके खिलाफ आजमगढ़, हरदोई तथा महाराष्ट्र में हत्या, लूट समेत विभिन्न मामलों के करीब 10 केस दर्ज थे। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसने चार वर्ष पहले बसपा नेता कलामुद्दीन उर्फ कमालू की हत्या की थी। कलामुद्दीन बसपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव भी लड़ चुके थे। आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा, जिससे उसकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई थी। दिसंबर 2024 में पुलिस ने उसे गुजरात से गिरफ्तार किया था। लेकिन आजमगढ़ लाते समय महाराष्ट्र के अमरावती रेलवे स्टेशन के पास शौचालय जाने का बहाना बनाकर वह चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गया था। इसके बाद से वह पुलिस की तलाश में था। उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।