रामगढ़ताल की सफाई पर भड़के GDA VC: 48 घंटे में मांगा विस्तृत प्लान, गंदगी हटाने के लिए बनेगी नई कार्ययोजना

उत्तरप्रदेश|3 घंटे पहले
48 घंटे में मांगा विस्तृत प्लान, गंदगी हटाने के लिए बनेगी नई कार्ययोजना

गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने रामगढ़ताल रिंग रोड के दूसरे चरण का निरीक्षण किया। इस दौरान ताल के विभिन्न हिस्सों में फैली गंदगी पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित एजेंसी को दो दिन के भीतर विस्तृत सफाई कार्ययोजना प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। साथ ही ताल के सौंदर्यीकरण और स्वच्छता के लिए व्यापक प्रस्ताव भी तैयार करने को कहा गया है।

निरीक्षण की शुरुआत पैडलेगंज की ओर से हुई। यहां ताल में गंदगी मिलने के बाद उपाध्यक्ष आरकेबीके (वर्तमान स्मार्ट व्हील्स) के समीप पहुंचे। जहां भी बड़ी मात्रा में कचरा दिखाई दिया। उन्होंने सफाई कार्य से जुड़ी विशेषज्ञ फर्म मेसर्स अल्फामर्स के प्रबंध निदेशक को दो दिन के भीतर विस्तृत कार्ययोजना और सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। प्रस्ताव स्वीकृत होने के बाद आवश्यक कार्य शुरू कराया जाएगा।

रिंग रोड निर्माण में तेजी लाने के निर्देश

उपाध्यक्ष ने रामगढ़ताल रिंग रोड के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। इसी मार्ग पर दो दिन पहले मुख्यमंत्री ने पौधारोपण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने, गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय सीमा के भीतर परियोजना पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। ताल क्षेत्र को हर हाल में स्वच्छ बनाए रखना होगा।

कियोस्क को आधुनिक स्वरूप देने की तैयारी

निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष आरकेबीके के समीप जीडीए द्वारा विकसित दो कियोस्क भी पहुंचे। दोनों कियोस्क एक जिला एक उत्पाद योजना के तहत आवंटित किए गए हैं। उन्होंने इन्हें आधुनिक और आकर्षक स्वरूप देने के निर्देश दिए। साथ ही एक जिला एक उत्पाद की तर्ज पर 'एक जिला, एक व्यंजन' की अवधारणा के अनुरूप एक अतिरिक्त कियोस्क विकसित करने का सुझाव दिया। इसके लिए प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट को नया डिजाइन तैयार करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के समय विशेष कार्याधिकारी प्रखर उत्तम, प्रभारी मुख्य अभियंता किशन सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।