गोरखपुर में मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप: बुलेट सवार युवकों ने कार में लगाई आग, दो आरोपी अरेस्ट

गीडा थाना क्षेत्र के नगवा गांव में सोमवार रात साइड देने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि बुलेट बाइक सवार युवकों ने कार चालक को बीच सड़क पर बेरहमी से पीटा और बाद में उसकी कार में आग लगा दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और देर रात कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
जानकारी के मुताबिक नगवा गांव निवासी नंदन पांडेय किराए पर कार चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सोमवार रात करीब 10:15 बजे वह अपनी कार लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव की एक संकरी गली में सामने से बुलेट बाइक पर सवार कुछ युवक आ गए। रास्ता देने को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला उग्र हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार युवकों ने नंदन को जबरन कार से बाहर खींच लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने कार का शीशा तोड़ने के बाद वाहन में आग लगा दी। देखते ही देखते कार धू-धू कर जलने लगी और पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
ग्रामीणों ने बचाई चालक की जान
घटना के दौरान नंदन की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर नंदन को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। हालांकि तब तक उनकी कार पूरी तरह आग की चपेट में आ चुकी थी। ग्रामीणों के पहुंचने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मारपीट में घायल नंदन को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई थी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो चुके थे।
पुलिस ने देर रात दो आरोपियों को दबोचा
घटना की गंभीरता को देखते हुए गीडा थाना पुलिस ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। देर रात करीब दो बजे पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नगवा गांव निवासी कपिल सिंह और विशाल सिंह को हिरासत में ले लिया। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान भी कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
सीओ बोले- आरोपियों पर होगी सख्त कार्रवाई
गीडा क्षेत्राधिकारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन को आगे-पीछे करने को लेकर विवाद शुरू हुआ था, जिसके बाद मारपीट और आगजनी की घटना हुई। नंदन के परिवार की तहरीर के आधार पर कपिल सिंह और उसके सहयोगियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल बाकी आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और सभी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









