फ्रेंच ओपन में वावरिंका की भावुक विदाई: डेब्यू मैच में 19 वर्षीय राफेल जोदार ने बटोरी सुर्खियां, महिला वर्ग में चैंपियन इगा की दमदार शुरुआत

1 घंटा पहले
डेब्यू मैच में 19 वर्षीय राफेल जोदार ने बटोरी सुर्खियां, महिला वर्ग में चैंपियन इगा की दमदार शुरुआत

फ्रेंच ओपन 2026 के पहले दौर में भावनाओं और नई उम्मीदों से भरा रहा। एक ओर स्विट्जरलैंड के दिग्गज खिलाड़ी स्टेन वावरिंका ने हार के साथ रोलां गैरो को भावुक विदाई दी, वहीं दूसरी ओर स्पेन के 19 वर्षीय युवा खिलाड़ी राफेल जोदार ने अपने धमाकेदार डेब्यू से टेनिस जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। पेरिस के ऐतिहासिक क्ले कोर्ट पर अनुभव और युवा जोश का यह अनोखा संगम दर्शकों के लिए यादगार बन गया।

41 वर्षीय वावरिंका पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि मौजूदा सत्र के बाद वह पेशेवर टेनिस को अलविदा कह देंगे। ऐसे में फ्रेंच ओपन में उनका यह आखिरी अभियान माना जा रहा था। पहले दौर के मुकाबले में उन्हें नीदरलैंड के जेस्पर डी जोंग ने 6-3, 3-6, 6-3, 6-4 से हराया। मुकाबले के बाद पूरा स्टेडियम भावुक हो उठा। दर्शकों ने खड़े होकर वावरिंका का सम्मान किया और डी जोंग ने भी जीत के बाद दर्शकों से वावरिंका के लिए तालियां बजाने की अपील की। वावरिंका ने विदाई के क्षणों में दर्शकों के साथ मैक्सिकन वेव कर अपने लंबे करियर की यादों को साझा किया।

वीडियो संदेशों ने बनाया माहौल भावुक

मैच समाप्त होने के बाद स्टेडियम की बड़ी स्क्रीन पर वावरिंका के करियर के यादगार पलों का वीडियो चलाया गया। इस दौरान रोजर फेडरर, राफेल नडाल, नोवाक जोकोविच, यानिक सिनर और कार्लोस अलकराज जैसे दिग्गजों के वीडियो संदेश भी दिखाए गए। वावरिंका ने कहा कि टेनिस को अलविदा कहना आसान नहीं है, क्योंकि पिछले दो दशकों से यही उनका जीवन रहा है। उन्होंने भावुक होकर कहा कि उन्होंने इस खेल के लिए अपना सबकुछ समर्पित कर दिया।

युवा जोदार ने डेब्यू में मचाया धमाल

वावरिंका की विदाई के बीच युवा खिलाड़ी राफेल जोदार ने अपने प्रदर्शन से नई पीढ़ी की ताकत दिखाई। स्पेनिश खिलाड़ी ने अमेरिकी टेनिस खिलाड़ी अलेक्जेंडर कोवाचेविच को सीधे सेटों में 6-1, 6-0, 6-4 से हराकर शानदार शुरुआत की। जोदार ने पूरे मैच में केवल पांच गेम गंवाए। फ्रेंच ओपन डेब्यू में इससे कम गेम केवल नोवाक जोकोविच ने 2005 में गंवाए थे। पिछले 19 मुकाबलों में से 16 जीत चुके जोदार की रैंकिंग में भी तेजी से सुधार हुआ है। एक साल पहले तक वह एटीपी रैंकिंग में 707वें स्थान पर थे, जबकि अब दुनिया के 29वें नंबर के खिलाड़ी बन चुके हैं।

स्वियातेक ने आसान जीत से किया आगाज

महिला वर्ग में चार बार की चैंपियन इगा स्वियातेक ने भी दमदार शुरुआत की। उन्होंने डेब्यू कर रहीं इमर्सन जोन्स को 6-1, 6-2 से हराकर दूसरे दौर में जगह बनाई। हालांकि मैच के दौरान दाहिने हाथ की उंगली में छाले की समस्या के कारण उन्हें मेडिकल सहायता लेनी पड़ी। हाल ही में स्वियातेक ने राफेल नडाल के पूर्व कोच फ्रांसिस्को रोइग को अपनी टीम में शामिल किया है। जीत के बाद उन्होंने कहा कि लगातार सफलता मिलने पर उम्मीदें बढ़ जाती हैं, लेकिन हर मुकाबले में खुद को फिर से साबित करना पड़ता है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।