गोरखपुर जंक्शन पर निर्माण कार्य का इफेक्ट: कई ट्रेनें निरस्त, यात्रियों को यात्रा से पहले स्टेटस जांचने की सलाह

उत्तरप्रदेश|2 घंटे पहले
कई ट्रेनें निरस्त, यात्रियों को यात्रा से पहले स्टेटस जांचने की सलाह

गोरखपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म नंबर 7 और 8 के बीच नए फुट ओवरब्रिज (एफओबी) के निर्माण कार्य ने रेलवे संचालन को व्यापक रूप से प्रभावित कर दिया है। रेलवे प्रशासन द्वारा 29 मई से 8 जून 2026 तक यातायात और पावर ब्लॉक लिए जाने के कारण कई ट्रेनों को पूरी तरह निरस्त कर दिया गया है, जबकि अनेक एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट, शॉर्ट ओरिजिनेट अथवा परिवर्तित मार्ग से संचालित किया जाएगा। ऐसे में पूर्वोत्तर रेलवे से यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है। रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) ने यात्रियों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन की वर्तमान स्थिति जरूर जांच लें।

रेलवे प्रशासन के मुताबिक निर्माण कार्य को तेजी से पूरा करने के लिए ट्रैफिक ब्लॉक लिया जा रहा है, जिससे गोरखपुर जंक्शन से होकर गुजरने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनें प्रभावित रहेंगी। पूरी तरह निरस्त की गई ट्रेनों में चार जून को चलने वाली 05057 गोरखपुर-दिल्ली स्पेशल और पांच जून की 05058 दिल्ली-गोरखपुर स्पेशल शामिल हैं। इसके अलावा 29 मई और पांच जून को चलने वाली 05053 गोरखपुर-बांद्रा टर्मिनस स्पेशल तथा 30 मई और छह जून की 05054 बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर स्पेशल भी रद्द रहेंगी। वहीं 29 मई से सात जून तक संचालित होने वाली 55031/55032 गोरखपुर-गोंडा सवारी गाड़ी को भी पूरी तरह निरस्त कर दिया गया है।

कई एक्सप्रेस ट्रेनें बीच रास्ते तक ही चलेंगी

निर्माण कार्य का सबसे अधिक असर लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनों पर पड़ा है। रेलवे के अनुसार 13507 आसनसोल-गोरखपुर एक्सप्रेस 29 मई और पांच जून को केवल भटनी तक ही जाएगी। इसी तरह 11081 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर एक्सप्रेस तीन जून को भटनी स्टेशन पर ही अपनी यात्रा समाप्त करेगी। इसके अलावा 20103 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर एक्सप्रेस का संचालन भी भटनी तक सीमित रहेगा। कई ट्रेनों को गोरखपुर जंक्शन के बजाय गोरखपुर कैंट रेलवे स्टेशन तक ही संचालित किया जाएगा। इनमें 15104 बनारस-गोरखपुर एक्सप्रेस, 19489 अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस, 19091 बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर एक्सप्रेस और 18629 रांची-गोरखपुर एक्सप्रेस प्रमुख हैं। इन ट्रेनों की वापसी सेवाएं भी गोरखपुर कैंट स्टेशन से ही संचालित होंगी।

कुछ ट्रेनों के मार्ग में अस्थायी विस्तार

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कुछ ट्रेनों के मार्ग में अस्थायी विस्तार भी किया है। 11055 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर एक्सप्रेस अब गोंडा तक जाएगी, जबकि वापसी में 11056 गोंडा से संचालित होगी। इसी प्रकार 19409 साबरमती-गोरखपुर एक्सप्रेस को थावे तक बढ़ाया गया है और वापसी सेवा 19410 थावे से चलेगी। वहीं 20103 और 20104 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर एक्सप्रेस का संचालन भटनी तक किया जाएगा।

यात्रियों से सतर्क रहने की अपील

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान प्लेटफॉर्म और ट्रेनों के संचालन में लगातार बदलाव हो सकते हैं। इसलिए यात्रियों को स्टेशन आने से पहले रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, हेल्पलाइन या मोबाइल एप के माध्यम से ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेनी चाहिए। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को समय से पहले स्टेशन पहुंचने और वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था तैयार रखने की भी सलाह दी है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।