गोरखपुर में ट्रक और डंपर की भीषण टक्कर: रांग साइड से आ रहा था डस्ट भरा डंपर, हादसे के बाद ड्राइवर और क्लीनर के जले कंकाल मिले

उत्तरप्रदेश|1 घंटा पहले
रांग साइड से आ रहा था डस्ट भरा डंपर, हादसे के बाद ड्राइवर और क्लीनर के जले कंकाल मिले

कुशीनगर-लखनऊ फोरलेन पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। रामगढ़ताल थाना क्षेत्र में ट्रक और डंपर की जोरदार भिड़ंत के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि डंपर चालक और उसका क्लीनर वाहन के भीतर ही जिंदा जल गए। वहीं ट्रक चालक और खलासी गंभीर रूप से झुलस गए। उन्होंने किसी तरह कूदकर अपनी जान बचाई। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और करीब पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

पुलिस के अनुसार हादसा गुरुवार सुबह करीब पांच बजे अजवनिया गांव के पास हुआ। मक्का लदा एक ट्रक कुशीनगर से लखनऊ की ओर जा रहा था। इसी दौरान डस्ट से भरा एक डंपर अचानक रांग साइड से हाईवे पर आ गया। तेज रफ्तार दोनों वाहनों की आमने-सामने की टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक सड़क किनारे पलट गया और उसमें तुरंत आग लग गई। कुछ ही क्षणों में आग ने डंपर को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद डंपर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक तथा क्लीनर उसमें फंस गए।

जिंदा जल गए चालक और क्लीनर

हादसे में डंपर चालक सत्येंद्र, जो बस्ती जिले के धमोरा गांव का निवासी था। क्लीनर शिवा, जो फतेहपुर का रहने वाला बताया जा रहा है। वाहन के भीतर ही फंस गए थे। स्थानीय लोग जब तक उन्हें बाहर निकालने का प्रयास करते, तब तक आग पूरी तरह फैल चुकी थी। देखते ही देखते दोनों जिंदा जल गए। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हादसे के बाद डंपर के भीतर केवल कंकाल ही बचे मिले। दूसरी ओर ट्रक चालक और उसका खलासी भी आग की चपेट में आकर झुलस गए। उन्होंने समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली। दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत गंभीर लेकिन स्थिर बनी हुई है।

पांच फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने पाया आग पर काबू

हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार और भगदड़ का माहौल बन गया। आसपास के गांवों के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में रामगढ़ताल थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंच गई। आग इतनी भीषण थी कि दमकल कर्मियों को उसे बुझाने में लगभग दो घंटे का समय लग गया। इस दौरान हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित रहा। आग बुझने के बाद जब पुलिस टीम डंपर के पास पहुंची तो अंदर का दृश्य बेहद दर्दनाक था। वाहन के भीतर केवल जले हुए कंकाल मिले। पुलिस ने अवशेषों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि डीएनए जांच के बाद दोनों मृतकों की औपचारिक पहचान सुनिश्चित की जाएगी।

हादसे के बाद उठे सड़क सुरक्षा पर सवाल

प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह डंपर का रांग साइड में आना बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर भारी वाहनों की लापरवाही और तेज रफ्तार लगातार हादसों की वजह बन रही है। पुलिस ने दोनों वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर फोरलेन पर ट्रैफिक अनुशासन और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।