कुशीनगर में कार-बाइक में भीषण टक्कर: मां-बेटे-बहू की गई जान, दवा लेने गोरखपुर जा रहा था परिवार

उत्तरप्रदेश|5 घंटे पहले
मां-बेटे-बहू की गई जान, दवा लेने गोरखपुर जा रहा था परिवार

हाटा क्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार एक ही परिवार के तीन लोगों को सामने से टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि मां, बेटा और बहू हवा में करीब 10 फीट तक उछलकर सड़क पर जा गिरे। तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस कार चालक की तलाश में जुटी है।

कुशीनगर के हाटा थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। डुमरी स्वांगीपट्टी गांव निवासी माधुरी (55), उनका बेटा विवेक (22) और बड़ी बहू शालू (30) बाइक से गोरखपुर जिला अस्पताल जा रहे थे। जानकारी के अनुसार, जैसे ही उनकी बाइक पट्टन चौराहे के पास पहुंची, सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने सीधी टक्कर मार दी। टक्कर का प्रभाव इतना जबरदस्त था कि तीनों हवा में करीब 10 फीट तक उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। गंभीर रूप से घायल तीनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद मचा कोहराम

दुर्घटना के बाद कार का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसी बीच चालक भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंचे और कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। पुलिस अधिकारियों ने उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत कराया। इसके बाद तीनों बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।

चालक की तलाश में पुलिस

हादसे में जान गंवाने वाली शालू अपने पीछे सात और पांच वर्ष के दो बेटों को छोड़ गई हैं। उनके पति महेंद्र विदेश में रहकर रोजगार करते हैं। वहीं, मृतक विवेक अपने तीन भाइयों में सबसे छोटे थे और गोरखपुर यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहे थे। हाटा कोतवाल संजय दुबे ने बताया कि कार के नंबर के आधार पर चालक की तलाश की जा रही है। दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।