मेसी का ऐतिहासिक कारनामा: टॉप पर रहकर नॉकआउट में पहुंचा अर्जेंटीना, पुर्तगाल-कोलंबिया मुकाबला रहा ड्रा

फुटबॉल विश्व कप में अर्जेंटीना के कप्तान लियोनल मेसी ने नया इतिहास रच दिया। जॉर्डन के खिलाफ मुकाबले में फ्री-किक पर गोल दागकर वह लगातार सात विश्व कप मैचों में गोल करने वाले दुनिया के पहले फुटबॉलर बन गए। अर्जेंटीना ने यह मुकाबला 3-1 से जीतकर ग्रुप-जे में शीर्ष स्थान के साथ नॉकआउट दौर में प्रवेश किया। दूसरी ओर, क्रिस्टियानो रोनाल्डो की पुर्तगाल टीम ने कोलंबिया के खिलाफ गोलरहित ड्रॉ खेला। वहीं, कांगो डीआर ने पहली बार नॉकआउट में जगह बनाई।
डलास स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में लियोनल मेसी को शुरुआती एकादश में जगह नहीं मिली। वह दूसरे हाफ में बतौर सब्स्टीट्यूट मैदान पर उतरे और 80वें मिनट में शानदार फ्री-किक को गोल में बदलकर नया विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। यह उनके करियर का 72वां तथा अर्जेंटीना के लिए 12वां फ्री-किक गोल रहा। विश्व कप में यह उनका दूसरा फ्री-किक गोल है। इसके साथ ही वह पेले, रिवेलिनो, तेओफिलो कुबिलास, बर्नार्ड जेंघिनी और डेविड बेकहम जैसे दिग्गजों की सूची में शामिल हो गए। मौजूदा विश्व कप में मेसी के छह गोल हो चुके हैं। वह गोल्डन बूट की दौड़ में किलियन एमबाप्पे, विनीसियस जूनियर और एरलिंग हालैंड से दो गोल आगे हैं। विश्व कप इतिहास में उनके कुल गोलों की संख्या अब 19 हो गई है।
लो सेल्सो और मार्टिनेज ने दिलाई मजबूत बढ़त
अर्जेंटीना की शुरुआत भी शानदार रही। जियोवानी लो सेल्सो ने 19वें मिनट में फ्री-किक से पहला गोल दागा। वहीं, 31वें मिनट में लाउतारो मार्टिनेज ने पेनाल्टी को गोल में बदलकर टीम की बढ़त दोगुनी कर दी। दूसरे हाफ में जॉर्डन के मौसा अलतमारी ने 55वें मिनट में गोल कर वापसी की उम्मीद जगाई। लेकिन मेसी के गोल ने मुकाबला पूरी तरह अर्जेंटीना के पक्ष में कर दिया। पहली बार विश्व कप खेल रही जॉर्डन की टीम तीनों मैच हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गई। वहीं, अल्जीरिया और ऑस्ट्रिया का मुकाबला 3-3 से बराबरी पर समाप्त हुआ।
कांगो डीआर ने रचा इतिहास
ग्रुप-के के मुकाबले में पुर्तगाल और कोलंबिया के बीच खेला गया मैच 0-0 की बराबरी पर समाप्त हुआ। इंजरी टाइम में कोलंबिया के डेविनसन सांचेज ने हेडर से गोल किया। लेकिन ऑफसाइड होने के कारण उसे अमान्य घोषित कर दिया गया। पुर्तगाल के गोलकीपर डियोगो कोस्टा ने छह शानदार बचाव किए और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस परिणाम के साथ कोलंबिया ग्रुप में शीर्ष पर पुर्तगाल दूसरे और कांगो डीआर तीसरे स्थान पर रहकर नॉकआउट में पहुंच गए। उधर, अटलांटा स्टेडियम में कांगो डीआर ने उज्बेकिस्तान को 3-1 से हराकर पहली बार विश्व कप के नॉकआउट दौर में जगह बनाई। योआने विसा ने दो गोल किए। वहीं, फिस्टन मायेले ने एक गोल दागा। उज्बेकिस्तान की ओर से शुरुआती बढ़त एल्डोर शोमुरोदोव ने दिलाई थी।
इंग्लैंड ने भी शीर्ष स्थान के साथ बनाई जगह
ग्रुप-एल में इंग्लैंड ने पनामा को 2-0 से हराकर नौ अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। जूड बेलिंघम और कप्तान हैरी केन ने गोल किए। विश्व कप में इंग्लैंड के लिए केन का यह 11वां गोल रहा और वह टीम के सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए। वहीं, दूसरे मुकाबले में क्रोएशिया ने घाना को 2-1 से हराया। इसके बावजूद घाना तीसरे स्थान पर रहते हुए नॉकआउट में पहुंच गया। वहीं, पनामा लगातार तीन हार के साथ प्रतियोगिता से बाहर हो गया।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









