गूगल सर्च से हत्या की साजिश: मर्डर और पूछताछ से जुड़े सवाल किए थे सर्च, पुलिस ने लोहगढ़ किले पर कराया सीन रीक्रिएट

1 घंटा पहले
मर्डर और पूछताछ से जुड़े सवाल किए थे सर्च, पुलिस ने लोहगढ़ किले पर कराया सीन रीक्रिएट

पुणे के केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं। जांच के अनुसार आरोपी सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने वारदात से पहले गूगल पर लोहगढ़ किले के 'डेथ पॉइंट', हत्या के तरीके और पुलिस जांच से बचने के उपाय तक तलाशे थे। पुलिस अब डिजिटल साक्ष्यों और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ रही है।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने इंटरनेट पर लोहगढ़ किले के खतरनाक स्थानों तक पहुंचने का रास्ता, गहरी खाइयों की जानकारी और ऐसे तरीके खोजे, जिनसे हत्या के बाद पुलिस को संदेह न हो। जांच में यह भी सामने आया कि उन्होंने पुलिस पूछताछ के दौरान संभावित सवालों के जवाब, व्हाट्सएप के कौन-कौन से संदेश हटाने हैं और सबूत कैसे मिटाए जाएं, जैसे विषय भी सर्च किए थे। पुलिस अब डिलीट किए गए व्हाट्सएप संदेशों की फोरेंसिक जांच करा रही है।

मोबाइल छोड़कर पहुंचा आरोपी

पुलिस का कहना है कि आरोपी चेतन चौधरी ने अपनी लोकेशन छिपाने के लिए वारदात वाले दिन अपना मोबाइल एक दुकान पर छोड़ दिया था और दूसरे फोन का इस्तेमाल किया। रविवार को पुलिस सिया और चेतन को लोहगढ़ किले पर लेकर पहुंची। जहां पूरी घटना का सीन रीक्रिएट किया गया। जांच के दौरान चेतन की बाइक, हुडी, हेडफोन समेत अन्य सामान भी जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। वहीं, शनिवार को पुलिस ने सिया के माता-पिता से करीब 12 घंटे और इससे पहले उसके भाई साहिल से 10 घंटे तक पूछताछ की।

परिवार ने दोषियों के लिए फांसी की मांग की

इस बीच सिया और चेतन का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें दोनों महाराष्ट्र क्रिकेट लीग का मैच देखते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि वीडियो कब का है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस पूछताछ में सिया के भाई साहिल ने बताया कि दोनों की पहली मुलाकात क्रिकेट मैच के दौरान हुई थी। बाद में एक दोस्त के घर आयोजित दिवाली पूजा में भी दोनों मिले थे। उल्लेखनीय है कि 18 जून को सिया और उसके मंगेतर केतन अग्रवाल लोहगढ़ किले पर घूमने गए थे। जहां केतन की खाई में गिरने से मौत हो गई थी। पुलिस का आरोप है कि यह सुनियोजित हत्या थी। उधर, केतन के परिवार ने श्रद्धांजलि सभा के दौरान आरोपियों को फांसी देने की मांग की। पिता विशाल अग्रवाल और मां राखी अग्रवाल ने कहा कि उन्हें केवल अपने बेटे के लिए न्याय चाहिए।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।