ग्रेटर नोएडा में डबल मर्डर से सनसनी: निर्माणाधीन हॉस्टल में दो माली की लाश मिली, चाकू से हत्या की आशंका

नोएडा|08 मई 2026
निर्माणाधीन हॉस्टल में दो माली की लाश मिली, चाकू से हत्या की आशंका

शहर में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक निर्माणाधीन हॉस्टल के कमरे से दो मजदूरों की बॉडी बरामद हुई। दोनों मृतक माली का काम करते थे। बॉडी खून से लथपथ हालत में पड़े थे। शुरुआती जांच में चाकू से हमला कर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।

यह पूरा मामला नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि सीताराम इंस्टीट्यूट के निर्माणाधीन हॉस्टल में दोनों मजदूर रह रहे थे। शुक्रवार दोपहर राहगीरों ने कमरे के अंदर दो लोगों को खून से लथपथ पड़ा देखा। इसके बाद तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई।

कमरे में खून से लथपथ पड़ी थी दोनों बॉडी

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे के अंदर का दृश्य बेहद भयावह था। दोनों बॉडी से काफी खून बह चुका था। पुलिस ने तुरंत पूरे इलाके को घेर लिया और फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम ने मौके से खून के नमूने और अन्य साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने ठेकेदार को मौके पर बुलाया। ठेकेदार ने दोनों मृतकों की पहचान मेरठ निवासी इंद्र और शीशपाल के रूप में की। इंद्र मेरठ के अब्दुल्लापुर इलाके का रहने वाला था, जबकि शीशपाल इचौंली गांव का निवासी बताया गया है। दोनों हाल ही में इंस्टीट्यूट में माली के तौर पर काम करने आए थे।

दो-तीन दिन पहले ही काम पर आए थे दोनों

पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों मजदूर सिर्फ दो-तीन दिन पहले ही यहां काम पर लगे थे। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि उनकी किसी से दुश्मनी थी या नहीं। पुलिस आसपास के लोगों और अन्य मजदूरों से पूछताछ कर रही है। घटना के बाद इंस्टीट्यूट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने बताया कि सुबह तक दोनों सामान्य हालत में दिखाई दिए थे। लेकिन दोपहर में उनकी लाश मिलने से हर कोई हैरान रह गया।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस फिलहाल हत्या के पीछे की वजह तलाशने में जुटी है। अभी तक यह साफ नहीं हुआ है कि दोनों की हत्या किसने और क्यों की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि हत्या रात के समय की गई हो सकती है। कमरे में संघर्ष के निशान भी मिले हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि हमलावरों और मृतकों के बीच झड़प हुई थी। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।

परिवार को दी गई सूचना

पुलिस ने दोनों मृतकों के परिवारों को घटना की जानकारी दे दी है। खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन मेरठ से ग्रेटर नोएडा के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। जल्द ही हत्या की गुत्थी सुलझाने का दावा किया गया है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना के समय हॉस्टल परिसर में कौन-कौन मौजूद था। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और जांच जारी है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।