कोलकाता में निर्माणाधीन गोदाम की छत ढही: 5 मजदूरों की मौत, दर्जनों के दबे होने की आशंका

पश्चिमी कोलकाता के तारातला इलाके में बुधवार दोपहर एक निर्माणाधीन गोदाम की छत अचानक ढह जाने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। वहीं, 50 से 55 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार हादसा ब्रेस ब्रिज के पास ट्रांसपोर्ट डिपो रोड स्थित निर्माणाधीन गोदाम में दोपहर करीब 1:30 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, निर्माण कार्य के दौरान अचानक पूरी छत भरभराकर गिर गई। इससे वहां मौजूद कई मजदूर मलबे की चपेट में आ गए। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया और प्रशासन को सूचना दी।
राहत-बचाव अभियान तेज
घटना की सूचना मिलते ही कोलकाता पुलिस, डिजास्टर मैनेजमेंट ग्रुप, सिविल डिफेंस और फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज की टीमें मौके पर पहुंच गईं। भारी मशीनों और विशेष उपकरणों की मदद से मलबा हटाकर लोगों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक अब तक चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। वहीं, अन्य की तलाश जारी है।
सेना भी रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सेना को भी राहत एवं बचाव अभियान में शामिल किया गया है। बचाव दल मलबे के भीतर फंसे लोगों तक जल्द पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि सभी संभावित फंसे लोगों का पता चलने तक अभियान जारी रहेगा।
हेल्पलाइन नंबर जारी
हादसे के बाद पश्चिम बंगाल सरकार ने प्रभावित परिवारों की सहायता और जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। नागरिक 1070, 8697981070 तथा 033-22143526 और 033-22535185 पर संपर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। फिलहाल हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने कहा है कि बचाव कार्य पूरा होने के बाद पूरे मामले की विस्तृत जांच कराई जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









