गोंडा में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला युवक का शव: ढाई साल बाद बेंगलुरु से लौटा था घर, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

धानेपुर थाना क्षेत्र में एक युवक की बॉडी संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकी मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गडराही गांव निवासी 40 वर्षीय राजदीप सिंह के रूप में हुई है। बुधवार सुबह उसकी बॉडी त्रिभुवन नगर ग्रंट ग्राम पंचायत के छोटकाई डीहा गांव में घर से करीब तीन किलोमीटर दूर एक बांस की कोठी में लटकी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार राजदीप सिंह मंगलवार देर शाम ही करीब ढाई वर्ष बाद बेंगलुरु से अपने घर लौटा था। परिजनों का कहना है कि 15 जून को बेंगलुरु में हुए एक सड़क हादसे के बाद से वह मानसिक रूप से काफी परेशान चल रहा था। हालांकि, परिवार के लोगों ने उनकी मौत को लेकर संदेह जताते हुए हत्या की आशंका भी व्यक्त की है। ऐसे में पुलिस आत्महत्या और हत्या, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
दुर्घटना के बाद से बदली हुई थी मानसिक स्थिति
पुलिस के अनुसार राजदीप 15 जून को बेंगलुरु में एक सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए थे। हादसे के बाद वह करीब पांच दिन तक अस्पताल में भर्ती रहे। 21 जून को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उन्होंने घर लौटने का निर्णय लिया। यात्रा के दौरान 23 जून को बाराबंकी पहुंचने पर उन्होंने अपने साथियों को बैग देकर वहां से भागने का प्रयास भी किया था। हालांकि, साथियों ने उन्हें रोक लिया और किसी तरह गोंडा रेलवे स्टेशन तक लेकर पहुंचे। जहां से वह अपने घर पहुंचे थे। धानेपुर थाना प्रभारी अरविंद कुमार यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में युवक की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं होने की बात सामने आई है। इसी कारण उन्होंने यह कदम उठाया हो सकता है। हालांकि, मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस कोई निष्कर्ष निकालने से बच रही है।
डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को बुलाया। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। परिजनों के आरोपों को भी गंभीरता से लिया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। लेकिन सभी बिंदुओं पर गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और पोस्टमॉृर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही घटना की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









