गोंडा में मुठभेड़ में गौकशी के तीन आरोपी अरेस्ट: मुख्य आरोपी के पैर में लगी गोली, धान के खेत में मिली थी बछिया की गर्दन

कटरा बाजार क्षेत्र में बुधवार सुबह पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम की गौकशी के आरोपियों से मुठभेड़ हो गई। बनगांव से कटरा बाजार आने वाली सड़क पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध बाइक को रोकने का प्रयास किया। बाइक पर तीन लोग सवार थे। पुलिस के मुताबिक, घिरता देख तीनों बाइक छोड़कर भागने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी कबीउल्लाह के दाहिने पैर में गोली लगी। पुलिस ने कबीउल्लाह के साथ उसके साथी सुहेल और शमी को भी गिरफ्तार कर लिया। घायल कबीउल्लाह को इलाज के लिए गोंडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपियों ने एक दिन पहले खेत में चरने के लिए बांधी गई बछिया को कथित तौर पर ले जाकर धान के खेत में गौकशी की थी। मौके पर बछिया का सिर पड़ा मिला था। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। लोगों में भी नाराजगी थी। कटरा बाजार थाना क्षेत्र के टेपरा मगुरही गांव निवासी श्रवण कुमार शुक्ला ने 22 सितंबर को पुलिस को लिखित शिकायत दी थी। उन्होंने बताया था कि गाय और उसकी बछिया को खेत में चारा चरने के लिए खूंटे से बांधा था। शाम को लौटने पर बछिया गायब मिली। उन्हें कुछ लोगों पर बछिया को काटकर मांस बेचने का शक था।
पांच आरोपियों पर केस दर्ज
अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय के मुताबिक, शिकायत के आधार पर कटरा बाजार पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए संभावित ठिकानों पर दबिश और इलाके में सघन चेकिंग शुरू की गई। इसी दौरान बनगांव-कटरा बाजार रोड पर संयुक्त टीम वाहनों की जांच कर रही थी। पुलिस ने संदिग्ध बाइक को रोकने की कोशिश की तो उस पर सवार तीन लोगों ने भागते हुए फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में कबीउल्लाह घायल हुआ। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से बछिया के शरीर के कुछ हिस्से, घटना में इस्तेमाल बाइक, अवैध तमंचा और गौकशी में इस्तेमाल बड़ा चाकू बरामद किया गया।










