सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत: बाजार से लौटते वक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली ने मारी टक्कर, पुलिस ने सीज किया वाहन

जिले के कसया थाना क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाइक की टक्कर में गंभीर रूप से घायल युवक ने इलाज के लिए गोरखपुर ले जाते समय दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पड़रौना ब्लॉक की ग्राम पंचायत शामपुर हतवा निवासी रंजीत वर्मा मंगलवार देर रात रविंद्र नगर से अपने घर लौट रहे थे। चौहान टोला और भिक्कुछपरा मार्ग के बीच उनकी मोटरसाइकिल सामने चल रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रंजीत गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्काल उन्हें जिला अस्पताल रविंद्र नगर पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें एम्बुलेंस से गोरखपुर ले जा रहे थे। लेकिन रास्ते में उनकी तबीयत और बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें वापस जिला अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
शादी की तैयारियों के बीच छाया मातम
परिजनों के अनुसार रंजीत तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनकी माता ग्राम पंचायत के प्राथमिक विद्यालय में रसोइया के रूप में कार्यरत हैं। परिवार में बड़े भाई के विवाह की तैयारियां चल रही थीं। रंजीत इसी सिलसिले में आवश्यक सामान और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए रविंद्र नगर गए थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि घर लौटते समय यह हादसा उनकी जिंदगी छीन लेगा।
पुलिस ने शुरू की जांच
दुर्घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









