जयपुर एयरपोर्ट पर विमान से टकराया ग्राउंड वाहन: हादसे में पायलट और एनसीसी कैडेट सुरक्षित, मामले की जांच शुरू

जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सोमवार सुबह माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट को रनवे की ओर ले जाते समय ग्राउंड हैंडलिंग वाहन से टक्कर हो गई। हादसे में विमान क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि उसमें सवार विंग कमांडर पायलट और ट्रेनी NCC कैडेट सुरक्षित हैं। घटना सुबह करीब नौ बजे की बताई जा रही है। विमान को ट्रेनिंग फ्लाइट के लिए हैंगर से हवाई पट्टी की ओर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान एयरपोर्ट परिसर में चल रहे इंडोथाई ग्राउंड हैंडलिंग एजेंसी के वाहन से उसकी टक्कर हो गई।
हादसे के बाद एयरपोर्ट परिसर में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों में भगदड़ मच गई। विमान और ग्राउंड वाहन को सुरक्षित किया गया और घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को दी गई। विमान को दोबारा उड़ान के लिए इस्तेमाल करने से पहले उसकी तकनीकी जांच की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही विमान की अगली उड़ान को लेकर फैसला होगा।
ग्राउंड व्हीकल मैनेजमेंट में चूक की आशंका
प्रारंभिक तौर पर हादसे के पीछे ग्राउंड व्हीकल मैनेजमेंट में चूक की आशंका जताई जा रही है। हालांकि घटना की वास्तविक वजह तकनीकी और प्रशासनिक जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। एयरपोर्ट के संवेदनशील एप्रन क्षेत्र में विमान और ग्राउंड वाहनों की आवाजाही के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों और बेहतर समन्वय की जरूरत होती है। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि विमान को टैक्सी करने की अनुमति किस तरह दी गई और उसी समय ग्राउंड वाहन की मूवमेंट कैसे हुई। अधिकारियों की ओर से दोनों की आवाजाही के बीच जरूरी कम्युनिकेशन और सेफ्टी कोऑर्डिनेशन की भी समीक्षा की जा रही है।










