गर्भवती महिला पर छोटी बहन ने किया हमला: घर में घुसकर की मारपीट, दोनों बहनों के बीच हुई थी कहासुनी

10 जून 2026
घर में घुसकर की मारपीट, दोनों बहनों के बीच हुई थी कहासुनी

पंजाब के लुधियाना जिले में पारिवारिक विवाद का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां एक माह की गर्भवती महिला के साथ उसकी छोटी बहन और कुछ रिश्तेदारों द्वारा कथित तौर पर घर में घुसकर मारपीट की गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है। जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पीड़िता को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, नीची मंगली क्षेत्र में रहने वाली 24 वर्षीय कामनी अपने घर की पहली मंजिल पर स्थित रसोई में खाना बना रही थी। इसी दौरान उसकी छोटी बहन शांति कुछ रिश्तेदारों के साथ वहां पहुंची। कथित रूप से जबरन घर में प्रवेश कर लिया। जानकारी के अनुसार, पहले दोनों बहनों के बीच कहासुनी हुई। लेकिन देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि शांति और उसके साथ मौजूद एक अन्य महिला रिश्तेदार ने कामनी के बाल पकड़कर उसे घसीटा और छत पर सिर पटकते हुए बेरहमी से पीटा।

शादी को लेकर चल रही थी रंजिश

पीड़िता के पति विकास ने बताया कि उनकी और कामनी की शादी चार महीने पहले परिवार की सहमति से हुई थी। विकास यूपी के आजमगढ़ से है और पत्नी पंजाब के फिरोजपुर से है। विकास एक नट-बोल्ट फैक्ट्री में कार्यरत हैं। दोनों फैक्ट्री परिसर की ऊपरी मंजिल पर रहते हैं। उनका आरोप है कि कामनी की छोटी बहन इस विवाह से नाराज थी। वह अपनी सास के तलाकशुदा भाई से कामनी की शादी कराना चाहती थी। कामनी के इनकार करने के कारण परिवार में तनाव बना हुआ था। विकास ने बताया कि घटना के समय उनकी पत्नी एक माह की गर्भवती थी। मारपीट के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे तत्काल अस्पताल ले जाना पड़ा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद उन्हें फोन पर जान से मारने की धमकी दी गई।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की शिकायत रामगढ़ चौकी पुलिस को दी गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में छोटी बहन और कुछ रिश्तेदारों द्वारा मारपीट की बात सामने आई है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। वीडियो फुटेज भी जांच के दायरे में लिया गया है। रामगढ़ चौकी प्रभारी लखबीर सिंह ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। लोग पारिवारिक विवाद के इस हिंसक रूप को लेकर हैरानी जता रहे हैं।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।