TMC में बढ़ा सियासी संकट: राज्यसभा सांसद प्रकाश चिक बड़ाईक ने दिया इस्तीफा, तत्काल प्रभाव से सदस्यता समाप्त करने का किया अनुरोध

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के भीतर जारी राजनीतिक उथल-पुथल के बीच पार्टी को एक और बड़ा झटका लगा है। राज्यसभा सांसद प्रकाश चिक बड़ाईक ने अपने पद से इस्तीफा देकर पार्टी नेतृत्व की चिंताएं बढ़ा दी हैं। हाल के दिनों में टीएमसी से इस्तीफा देने वाले सांसदों की संख्या लगातार बढ़ रही है। जिससे पार्टी की संसदीय ताकत और आंतरिक एकजुटता दोनों पर सवाल उठने लगे हैं।
प्रकाश चिक बड़ाईक ने अपना इस्तीफा राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन को सौंपते हुए तत्काल प्रभाव से सदस्यता समाप्त करने का अनुरोध किया। अपने त्यागपत्र में उन्होंने राज्यसभा के सभापति, उपसभापति और सचिवालय के अधिकारियों का सहयोग के लिए आभार भी व्यक्त किया। हालांकि उन्होंने इस्तीफे के पीछे कोई विस्तृत कारण नहीं बताया। लेकिन इसे टीएमसी में बढ़ते असंतोष से जोड़कर देखा जा रहा है।
लगातार इस्तीफों से बढ़ी ममता की मुश्किलें
बड़ाईक का इस्तीफा ऐसे समय आया है, जब हाल ही में वरिष्ठ नेता सुखेंदु शेखर रॉय और सुष्मिता देव भी राज्यसभा की सदस्यता छोड़ चुके हैं। लगातार तीन सांसदों के इस्तीफे ने पार्टी के भीतर चल रही खींचतान को सार्वजनिक कर दिया है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि आने वाले दिनों में कुछ और सांसद भी पार्टी छोड़ सकते हैं। जिससे टीएमसी की स्थिति और कमजोर हो सकती है।
बागी गुट ने बढ़ाया दबाव
टीएमसी के बागी नेता ऋतब्रत बनर्जी ने दावा किया है कि उनके गुट को अब 64 विधायकों का समर्थन प्राप्त है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पार्टी का आंतरिक मामला है। कांग्रेस में विलय की अटकलों का कोई आधार नहीं है। उनके अनुसार विधायक दल और सांसदों का कोई समूह कांग्रेस में शामिल होने की तैयारी नहीं कर रहा है। हालांकि, पार्टी के भीतर बढ़ती गुटबाजी ने नेतृत्व के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है।
सुष्मिता देव के बाद बढ़ीं अटकलें
पूर्व सांसद सुष्मिता देव के इस्तीफे और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से मुलाकात के बाद उनके भाजपा में शामिल होने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि उन्होंने इन अटकलों पर सीधे तौर पर कोई टिप्पणी नहीं की है। दूसरी ओर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने टीएमसी और कांग्रेस के संभावित विलय संबंधी खबरों से दूरी बनाते हुए कहा कि उन्हें ऐसी किसी चर्चा की जानकारी नहीं है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









