लव मैरिज की रंजिश में युवक की तलवार से हत्या: दोस्त को मार दरोगा ने खुद को मारी गोली, शादी के बाद से था विवाद

दरभंगा जिले में शुक्रवार तड़के प्रेम विवाह से जुड़े विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बहादुरपुर थाना क्षेत्र के ओझौल गांव में दूसरे धर्म की युवती से विवाह करने वाले एक युवक की कथित तौर पर तलवार से हमला कर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप बिहार पुलिस में तैनात दारोगा मोहम्मद मोबिन पर है। जिसने वारदात के बाद खुद को भी गोली मार ली। गंभीर रूप से घायल आरोपी को इलाज के लिए दरभंगा के अल्लपट्टी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
मृतक की पहचान दिलीप सहनी के पुत्र सुनील सहनी के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब तीन वर्ष पहले सुनील ने गांव के ही मोहम्मद बिहारी की पुत्री सानिया से प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद दोनों अहमदाबाद में रह रहे थे। दो दिन पहले ही सुनील अपनी पत्नी के साथ गांव लौटा था। बाद में उसकी पत्नी अपने मायके चली गई थी। बताया गया कि शुक्रवार सुबह करीब चार बजे आरोपी दारोगा मोहम्मद मोबिन ने सुनील को फोन कर ताजिया की तैयारी देखने के बहाने मंदिर के पास बुलाया।आरोप है कि वहां पहले से मौजूद मोबिन और उसके कुछ साथियों ने सुनील के साथ मारपीट की और फिर तलवार से उसके सिर तथा शरीर पर कई वार किए। गंभीर चोटों के कारण सुनील की मौके पर ही मौत हो गई।
कभी अच्छे मित्र हुआ करते थे दोनों
ग्रामीणों के मुताबिक, आरोपी मोहम्मद मोबिन और सुनील कभी अच्छे मित्र हुआ करते थे। हालांकि, सानिया और सुनील के प्रेम विवाह के बाद दोनों के संबंधों में कटुता आ गई थी। बताया जा रहा है कि मोबिन इस विवाह से नाराज था। वह इन दिनों अवकाश पर अपने गांव आया हुआ था।
वारदात के बाद खुद को भी गोली मारी
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी ने अपनी कमर से पिस्टल निकालकर स्वयं को गोली मार ली। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उसने सर्विस पिस्टल का इस्तेमाल किया या किसी अन्य हथियार का। घायल अवस्था में उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है।
एसएसपी ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मामले की गहन जांच करने तथा फरार अन्य आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया। जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। वारदात के बाद पूरे ओझौल गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पोस्टमार्टम हाउस के बाहर भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









