लोहगढ़ किला हत्याकांड में नया खुलासा: गार्ड ने बताया- धक्का देने के बाद सिया ने मांगी मदद, आरोपी एक-दूसरे पर मढ़ रहे दोष

1 घंटा पहले
गार्ड ने बताया- धक्का देने के बाद सिया ने मांगी मदद, आरोपी एक-दूसरे पर मढ़ रहे दोष

मंगेतर केतन अग्रवाल की हत्या के चर्चित लोहगढ़ किला मामले में जांच के दौरान कई नए तथ्य सामने आए हैं। घटनास्थल पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने दावा किया है कि केतन के खाई में गिरने के तुरंत बाद उसकी मंगेतर सिया गोयल मदद के लिए जोर-जोर से चिल्ला रही थी। वहीं, मामले में अरेस्ट सिया की मां ने भी सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि उनकी बेटी जांच में दोषी साबित होने पर उसे भी कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उधर पुलिस सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी से लगातार पूछताछ कर हत्या की पूरी साजिश की परतें खोलने में जुटी है।

लोहगढ़ किले पर तैनात गार्ड धीरज जाधव के अनुसार, घटना के समय उन्हें चीख-पुकार सुनाई दी। इसके बाद वह तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि वहां पहुंचने पर सिया गोयल मदद के लिए आवाज लगा रही थी। पूछने पर उसने बताया कि कोई व्यक्ति खाई में गिर गया है। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई और राहत प्रक्रिया शुरू हुई। 18 जून को सिया और उसके मंगेतर केतन अग्रवाल लोहगढ़ किला घूमने पहुंचे थे। इसी दौरान केतन की खाई में गिरने से मौत हो गई। पुलिस का आरोप है कि सिया ने अपने कथित प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से केतन की हत्या की। दोनों आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं।

मां बोलीं- बेटी दोषी निकली तो सबसे कड़ी सजा मिले

मामले में सिया की मां पूजा गोयल ने कहा कि परिवार को इस रिश्ते से काफी उम्मीदें थीं। सिया भी शादी को लेकर खुश थी। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी जांच में दोषी पाए जाने पर उसे भी किसी प्रकार की रियायत नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने यहां तक कहा कि वही अपराध की जिम्मेदार होने पर उसे भी उसी स्थान से नीचे फेंक दिया जाए। जहां से केतन को धक्का दिया गया था। वहीं, सिया के पिता प्रवीण गोयल का कहना है कि केतन और सिया एक-दूसरे से प्रेम करते थे। लोहगढ़ जाने का प्रस्ताव भी केतन ने ही रखा था।

कैफे में बनी थी हत्या की साजिश

पुलिस जांच में सामने आया है कि 17 जून को सिया और चेतन एक कैफे में मिले थे। जहां कथित तौर पर हत्या की योजना बनाई गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार दोनों ने पहले से उस स्थान की पहचान कर ली थी। जहां से केतन को धक्का दिया जाना था। योजना असफल रहने पर 20 जून के बाद सड़क दुर्घटना का बैकअप प्लान भी तैयार किया गया था। जांच में यह भी सामने आया है कि 14 जून को भी केतन को खाई में धक्का देने का प्रयास किया गया था। उस समय सिया ने सांप दिखाई देने का बहाना बनाकर घटना को हादसा साबित करने की कोशिश की थी। लेकिन केतन बच गया था।

हर पहलू से आगे बढ़ रही जांच

पुलिस रिमांड के दौरान सिया और चेतन से आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की गई। सूत्रों के मुताबिक दोनों ने हत्या की साजिश का मास्टरमाइंड एक-दूसरे को बताया। चेतन का कहना है कि केतन को रास्ते से हटाने का दबाव सिया का था। वहीं, सिया ने दावा किया कि हत्या का विचार चेतन का था। हालांकि जांच अधिकारी इसे आरोपियों की बचाव रणनीति मान रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में पर्याप्त साक्ष्य जुटाए जा चुके हैं और जांच हर पहलू से आगे बढ़ रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।