दुबई-तेल अवीव फ्लाइट में हाईजैक अलर्ट: इजरायल ने भेजे अपने फाइटर जेट, पायलटों के बीच कॉकपिट में हुई थी झड़प

इजरायल ने भेजे अपने फाइटर जेट, पायलटों के बीच कॉकपिट में हुई थी झड़प

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में हाईजैक का अलर्ट मिलने के बाद इजराइल में सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। विमान ने पहले इमरजेंसी कोड 7700 और इसके बाद 7500 भेजा। 7500 कोड का इस्तेमाल हाईजैक की स्थिति में किया जाता है। अलर्ट मिलते ही इजराइल ने विमान की ओर फाइटर जेट रवाना कर दिए। हालांकि बाद में सामने आया कि विमान हाईजैक नहीं हुआ था। पायलटों के बीच विवाद और कथित हाथापाई के बाद इमरजेंसी सिग्नल भेजा गया था।

फ्लाइट-ट्रैकिंग डेटा के अनुसार विमान सऊदी अरब के ऊपर पहुंचने के बाद अपने निर्धारित रूट से अलग हो गया। विमान ने करीब दो मिनट के भीतर 34 हजार फीट की ऊंचाई से नीचे आते हुए 16,600 फीट पर उड़ान भरी। इसके करीब 12 मिनट बाद विमान से इमरजेंसी सिग्नल भेजा गया। कुछ समय के लिए फ्लाइट-ट्रैकिंग वेबसाइटों पर भी विमान की लोकेशन दिखना बंद हो गई थी। इसके बाद फ्लाइट ने अपना रास्ता बदल लिया और सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट पर लैंडिंग की।

150 से ज्यादा इजराइली यात्री सवार

विमान में करीब 180 यात्री सवार थे। इनमें 150 से ज्यादा इजराइली नागरिक बताए गए हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद इजराइल में सुरक्षा एजेंसियों ने विमान और यात्रियों की स्थिति को लेकर जानकारी जुटानी शुरू की। रिपोर्ट के मुताबिक प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री के बीच भी मामले को लेकर इमरजेंसी बातचीत हुई। इजराइली एयरफोर्स के फाइटर जेट विमान की ओर भेजे गए थे।

पायलटों में विवाद के बाद भेजा गया अलर्ट

रिपोर्ट के अनुसार विमान को हाईजैक नहीं किया गया था। पायलटों के बीच कहासुनी के बाद मामला हाथापाई तक पहुंच गया। सीएनएन ने भी दोनों पायलटों के बीच मारपीट का दावा किया है। एक इजराइली पत्रकार ने दावा किया कि एक पायलट ने विमान को क्रैश करने की कोशिश की, जिसे दूसरे पायलट और यात्रियों ने रोक दिया। पत्रकार ने विमान की तस्वीर भी साझा की, जिसमें एक यात्री की टी-शर्ट पर खून दिखाई दे रहा है। फिलहाल पायलटों के बीच विवाद की वजह स्पष्ट नहीं है और मामले की जांच जारी है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।