गोरखपुर में पानी में मिला महिला का शव: घटनास्थल के पास हुआ था पिंडदान, पुलिस ने शव को निकलवाया बाहर

गुलरिहा थाना क्षेत्र के जंगल डुमरी नंबर एक में बुधवार को कालिका माता मंदिर के पास गहरे पानी में महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने पानी में शव को तैरते देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। गुलरिहा पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकलवाया। इसके बाद आसपास के इलाके में महिला की पहचान के लिए पूछताछ शुरू की गई। फिलहाल मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। आसपास रहने वाले लोगों से महिला के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। घटनास्थल के आसपास भी जांच की जा रही है, ताकि महिला के वहां तक पहुंचने से संबंधित जानकारी मिल सके।
मामले की जांच कर रही पुलिस
स्थानीय लोगों के मुताबिक, जिस स्थान पर महिला का शव मिला है, उससे कुछ दूरी पर पिंडदान भी किया गया है। हालांकि, शव वहां किन परिस्थितियों में पहुंचा और महिला की मौत कैसे हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।










