राइड कैंसिलेशन पर काटकर फेंकने की दी धमकी: 22 बार किया था युवक को फोन, गोरखनाथ पुलिस ने दबोचा

राइड कैंसिल करने को लेकर युवक को लगातार कॉल कर धमकाने के मामले में गोरखनाथ पुलिस ने राइडर को अरेस्ट कर लिया है। आरोपी की पहचान जाहिदाबाद निवासी अब्दुल रहमान (23) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, राइड कैंसिल होने के बाद उसने वाराणसी निवासी हेमंत मिश्रा को 22 बार कॉल किया और कथित तौर पर गाली-गलौज के साथ काटकर फेंकने की धमकी दी। बुधवार को कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश करेगी।
पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे हेमंत मिश्रा ने रैपिडो से रामगढ़ताल जाने के लिए राइड बुक की थी। बुकिंग में ड्राइवर का नाम जहुर अहमद दिखाई देने के बाद उन्होंने करीब एक मिनट में राइड कैंसिल कर दी। इसके बाद राइडर ने उन्हें फोन किया। आरोप है कि कॉल पर गाली-गलौज करते हुए कहा गया कि राइड कैंसिल क्यों की और काटकर फेंक देने की धमकी दी गई। हेमंत का आरोप है कि इसके बाद उन्हें लगातार 22 कॉल किए गए।
गोरखनाथ मंदिर में कथा सुनने आए थे हेमंत
वाराणसी निवासी हेमंत मिश्रा इस्कॉन मंदिर से जुड़े हैं और धार्मिक गतिविधियों के सिलसिले में देशभर की यात्रा करते हैं। उन्होंने बताया कि गोरखनाथ मंदिर में रामकथा की जानकारी मिलने के बाद वह रविवार शाम करीब आठ बजे गोरखपुर पहुंचे थे। रात में होटल में रुकने के बाद सोमवार सुबह कथा सुनने गए। इसके बाद रामगढ़ताल जाने के लिए उन्होंने रैपिडो से राइड बुक की थी।
एक्स पोस्ट के बाद पुलिस ने लिया संज्ञान
धमकी भरी कॉल आने के बाद हेमंत ने एक्स पर पोस्ट कर घटना की जानकारी साझा की। पोस्ट के बाद गोरखपुर पुलिस ने उनसे मोबाइल नंबर मैसेज करने को कहा। नंबर मिलने के बाद एसएसपी ने भी हेमंत से फोन पर बात कर पूरे मामले की जानकारी ली। इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर उन्होंने गोरखनाथ थाने में लिखित शिकायत दी। पुलिस ने जांच के बाद अब्दुल रहमान को अरेस्ट कर लिया।
व्हाट्सएप पर 10 बार मांगी माफी
पुलिस के मुताबिक, अब्दुल रहमान मूल रूप से कुशीनगर के बड़हरा का रहने वाला है और गोरखनाथ क्षेत्र के जाहिदाबाद में किराए के कमरे में माता-पिता और दो बहनों के साथ रहता है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कुछ बातें उसे बुरी लग गई थीं और नाराजगी में उसने बड़ी गलती कर दी। आरोपी ने यह भी बताया कि गलती का अहसास होने के बाद उसने हेमंत के व्हाट्सएप पर माफी का मैसेज भेजा। पुलिस के अनुसार, 22 बार धमकी देने वाले अब्दुल ने व्हाट्सएप पर 10 बार सॉरी बोला। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।










