गोरखपुर में सीएम के जनता दरबार में पहुंचे 150 फरियादी: बोले- हर पीड़ित को मिलेगा न्याय, भू-माफिया और दबंगों पर होगी सख्त कार्रवाई

तीन दिवसीय प्रवास पर गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन किया। लगातार दूसरे दिन आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने करीब 150 लोगों की समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने लोगों को भरोसा दिलाया कि किसी को चिंता करने की जरूरत नहीं है। सरकार हर व्यक्ति की समस्या के समाधान के लिए पूरी गंभीरता से काम करेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिना किसी भेदभाव के पात्र लोगों को न्याय मिले और शिकायतों का त्वरित एवं संतुष्टिपरक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने लोगों से प्राप्त प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपे। उन्होंने राजस्व और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि हर पात्र व्यक्ति को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिले। जमीन पर कब्जे की शिकायतों में भू-माफिया और दबंगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
जरूरतमंदों के इलाज का जल्द बनेगा इस्टीमेट
जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर भी लोग पहुंचे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जरूरतमंदों के उच्चस्तरीय उपचार का इस्टीमेट जल्द तैयार कराया जाए। इस्टीमेट उपलब्ध होते ही सरकार विवेकाधीन कोष से उपचार के लिए धन उपलब्ध कराएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से संवेदनशीलता और तत्परता के साथ काम करने को कहा।
गुरु पूजा के बाद गोशाला पहुंचे सीएम
जनता दर्शन से पहले मुख्यमंत्री ने गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया। इसके बाद ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि स्थल पर पहुंचकर शीश नवाया और विशेष पूजा-अर्चना की। बाद में वह गोशाला पहुंचे और गोवंश को स्नेहपूर्वक गुड़ खिलाकर गोसेवा की। इस दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों से आए संतजन भी मौजूद रहे।










