महाराजगंज में दो बाइकों की भीषण भिड़ंत: युवक की मौत; महिला घायल, दो दिन पहले ही आया था घर

जिले में देवी चौराहा-करौता रोड पर बुधवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई। हादसा करीब चार बजे करौता के पास हुआ। चौक टकरारी निवासी दिलीप कुमार साहनी बाइक से मिठौरा ब्लॉक की ओर जरूरी काम से जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक से उनकी टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए। दिलीप ने हेलमेट नहीं पहना था। दूसरी बाइक पर बरगदाही बसंतपुर निवासी प्रियंका पासवान अपने भाई के साथ जा रही थीं। हादसे में प्रियंका गंभीर रूप से घायल हुई हैं।
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्रियंका की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दिलीप को भी बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने के बाद चौक पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल के पोस्टमॉर्टम हाउस भेज दिया।
दूसरा बाइक सवार मौके से हुआ फरार
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस के अनुसार टक्कर के बाद दूसरे बाइक सवार के मौके से फरार होने की बात सामने आई है। पुलिस ने घटना की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। थाना प्रभारी मनीष कुमार पटेल ने बताया कि शव पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
परिवार में पसरा मातम
दिलीप कुमार साहनी बाहर काम करते थे और दो दिन पहले ही घर लौटे थे। वह अशोक साहनी के इकलौते बेटे थे। हादसे की जानकारी सबसे पहले उनके पिता को दी गई। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।










