बस्ती में युवक ने किया सुसाइड: पंखे से लटका मिला शव, आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं

वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के बांसापार गांव में बुधवार दोपहर एक युवक का शव घर की ऊपरी मंजिल पर पंखे से लटका मिला। 22 वर्षीय रविंद्र कुमार ने फंदा लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्राम प्रधान की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू की। युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह अभी सामने नहीं आई है।
ग्राम प्रधान धर्मेंद्र शुक्ला ने पुलिस को बताया कि गांव निवासी रविंद्र कुमार पुत्र अवधेश कुमार ने घर की ऊपरी मंजिल पर पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक उमाशंकर यादव, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार और होमगार्ड रूपचंद यादव घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके की स्थिति का जायजा लेने के बाद शव को कब्जे में लिया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
पुलिस के अनुसार रविंद्र कुमार तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी उम्र 22 वर्ष थी। युवक की मौत की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम छा गया। आसपास के ग्रामीण भी उसके घर पहुंचने लगे। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
कारण जानने में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि रविंद्र के आत्महत्या करने की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। परिवार और ग्रामीणों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। शव का पंचनामा कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।










