बस्ती में 38 हजार के कर्ज पर 1.45 लाख वसूले: फिर 8.60 लाख का लगाया चेक, गारंटी में रखे सादे चेक का किया गलत इस्तेमाल

सोनहा थाना क्षेत्र के कोठिला गांव में कर्ज और ब्याज के विवाद ने नया मोड़ ले लिया। किराना दुकानदार लक्ष्मण ने आरोप लगाया है कि 38 हजार रुपये के कर्ज के बदले वह ब्याज समेत 1.45 लाख रुपये चुका चुका है। इसके बावजूद उसके पिता के गारंटी के तौर पर लिए गए सादे चेक वापस नहीं किए गए। बाद में इनमें से एक चेक पर फर्जी हस्ताक्षर कर 8.60 लाख रुपये भरकर बैंक में लगाने का आरोप है। पुलिस ने मामले में अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोठिला गांव निवासी लक्ष्मण पुत्र राधेश्याम ने 28 सितंबर 2026 को सोनहा पुलिस को दी तहरीर में बताया कि परिवार में छह बच्चे और वृद्ध माता-पिता हैं। वह गांव में किराना दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता है। आर्थिक परेशानी के दौरान मार्च 2023 में उसने आहर गांव निवासी नारायण दत्त तिवारी से 10 प्रतिशत मासिक ब्याज पर 15 हजार रुपये लिए। इसके बाद 10 हजार और 13 हजार रुपये और लिए, जिससे कुल रकम 38 हजार रुपये हो गई। लक्ष्मण के मुताबिक गारंटी के लिए उसके पिता के तीन सादे चेक रखे गए थे।
जमीन बेचकर दिए एक लाख
लक्ष्मण का कहना है कि करीब एक साल तक वह रकम नहीं चुका सका। बाद में एक-दो हजार रुपये करके भुगतान शुरू किया। अप्रैल 2025 में नारायण दत्त ने 1.45 लाख रुपये बकाया बताए। लक्ष्मण के अनुसार उसने जमीन बेचकर एक लाख रुपये दिए। इसमें 90 हजार रुपये खाते में और 10 हजार रुपये नकद दिए गए। बाकी 45 हजार रुपये भी अलग-अलग किस्तों में देने का दावा किया गया है। आरोप है कि इसके बाद भी चेक वापस नहीं किए गए। बाद में मिले लीगल नोटिस से उसे 8.60 लाख रुपये का चेक बैंक में लगाए जाने की जानकारी हुई।
एसपी के निर्देश पर हुई कार्रवाई
एसपी के निर्देश पर कार्रवाई के आदेश दिए गए। सोनहा थाना प्रभारी ने केस दर्ज करने के निर्देश दिए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।










