गोरखपुर में युवक पर किया चाकू और रॉड से जानलेवा हमला: दोस्त के बुलाने पर मिलने पहुंचा था, SSP के आदेश पर 5 पर केस

गीडा थाना क्षेत्र में दोस्त के बुलाने पर मिलने पहुंचे युवक पर चाकू और रॉड से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि राहुल ने आजमगढ़ की सत्यभामा के बेटे चंदन साहनी को 17 सितंबर को फोन कर बुलाया था। इसके बाद राहुल और उसके साथियों ने चंदन को जगतबेला ले जाकर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल चंदन को आरोपी वहीं छोड़कर फरार हो गए। परिवार की शिकायत के बाद एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
चंदन के काफी देर तक घर नहीं लौटने पर उसकी मां सत्यभामा ने तलाश शुरू की। इसी दौरान एक युवक ने उन्हें अचेत अवस्था में पड़े चंदन की फोटो भेजी। परिजन मौके पर पहुंचे और उसे सीएचसी सहजनवां ले गए। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने पर चंदन को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। होश में आने के बाद चंदन ने परिजनों को हमलावरों के नाम बताए।
शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
पीड़ित की मां का आरोप है कि घटना के बाद गीडा थाने में शिकायत देने के बावजूद तत्काल ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने एसएसपी से मामले में कार्रवाई की मांग की। एसएसपी के निर्देश पर गीडा पुलिस ने राहुल, गाटे, गोलक्की, रोहित और शाहुल के खिलाफ बलवा, मारपीट, जान से मारने की धमकी और हत्या के प्रयास में केस दर्ज किया।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। घटना से जुड़े तथ्यों और आरोपों की पड़ताल के साथ नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।










