महिला पहलवान प्रकरण में बृजभूषण सिंह को राहत: कोर्ट ने किया बरी, 1133 दिनों तक चली कानूनी प्रक्रिया

महिला पहलवानों द्वारा लगाए गए यौन शोषण के आरोपों से जुड़े चर्चित मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने सोमवार को भाजपा नेता और कैसरगंज के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह को बरी कर दिया। अदालत ने भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व सचिव विनोद तोमर को भी आरोपों से मुक्त कर दिया। मामले में दोनों पक्षों की दलीलें पूरी होने के बाद अदालत ने दो जुलाई 2026 को फैसला सुरक्षित रख लिया था। इसे सोमवार को एडिशनल चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट अश्वनी पंवार ने सुनाया।
यह मामला जनवरी 2023 में सामने आया था और उसके बाद से न्यायिक प्रक्रिया लगातार जारी रही। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, कुल 1133 दिनों के दौरान मामले में 127 सुनवाई हुईं। सुनवाई के दौरान बृजभूषण शरण सिंह और विनोद तोमर अदालत में मौजूद रहे। बृजभूषण सिंह 20 जुलाई 2023 से नियमित जमानत पर थे। वहीं, 10 मई 2024 को अदालत ने दिल्ली पुलिस की चार्जशीट के आधार पर आरोप तय किए थे। इसके बाद केस की नियमित सुनवाई शुरू हुई थी।
सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद दर्ज हुई थी एफआईआर
मई 2023 में सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद दिल्ली पुलिस ने बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। इस मामले में छह महिला खिलाड़ियों ने शिकायत दी थी। हालांकि, शिकायतकर्ताओं में शामिल एक नाबालिग पहलवान ने बाद में अपना आरोप वापस ले लिया था और अपने बयान में बदलाव किया था। आरोप तय करने की सुनवाई के दौरान बृजभूषण सिंह ने मामले को झूठा और प्रेरित बताया था।
फैसले के बाद समर्थकों ने किया स्वागत
अदालत के फैसले के बाद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि न्यायालय ने उन्हें और विनोद तोमर को सम्मानपूर्वक बरी किया है। उन्होंने कहा कि पहले भी उन्होंने कहा था कि कोई आरोप साबित होने पर वह किसी भी सजा के लिए तैयार रहेंगे। फैसले के बाद अपने आवास पहुंचने पर समर्थकों ने फूल बरसाकर और अबीर-गुलाल लगाकर उनका स्वागत किया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने संक्षिप्त प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "होइहि सोइ जो राम रचि राखा।" वहीं, उनके पुत्र करण भूषण सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इसे सत्य की जीत बताया। भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने भी फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बृजभूषण सिंह पर लगाए गए आरोप निराधार थे और अदालत के निर्णय से कुश्ती जगत में खुशी का माहौल है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









