जंतर-मंतर पर 34वें दिन भी प्रदर्शन जारी: पुलिस-प्रदर्शनकारियों में भारी टकराव, एसीपी घायल

जंतर-मंतर पर पेपर लीक के विरोध में चल रहे प्रदर्शन के दौरान बुधवार रात पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसक झड़प हो गई। पुलिस के अनुसार, कनॉट प्लेस स्थित टॉल्स्टॉय मार्ग पर कुछ उपद्रवियों ने पुलिसकर्मियों पर पत्थर और बोतलें फेंकी। इसमें एसीपी कनॉट प्लेस विवेक भगत घायल हो गए। हालात नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे। घटना के वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। इनमें कुछ प्रदर्शनकारी लाठी लिए दिखाई दे रहे हैं। करीब 15 मिनट तक चली झड़प के बाद स्थिति सामान्य हो गई। एहतियात के तौर पर गुरुवार सुबह दिल्ली के 16 मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया।
कॉकरोच जनता पार्टी का पेपर लीक के विरोध में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन गुरुवार को 34वें दिन भी जारी रहा। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं दे देते। उन्होंने बताया कि सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल का भी यह 26वां दिन है। शुक्रवार सुबह भी जंतर-मंतर पर बड़ी संख्या में समर्थक जुटे रहे।
शांति बनाए रखने की अपील
हिंसा की घटनाओं के बीच सीजेपी के प्रवक्ता सौरव दास ने सोनम वांगचुक का संदेश साझा किया। वांगचुक ने प्रदर्शनकारियों से संयम बरतने और शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे टॉल्स्टॉय मार्ग के पास हुई हिंसा में पथराव और बोतलें फेंके जाने से कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। इसलिए आंदोलन को शांतिपूर्ण बनाए रखना जरूरी है।
पहले भी हो चुकी है झड़प
इससे पहले दिन में पंजाबी बाग के एसीपी जय प्रकाश भी प्रदर्शनकारियों के हमले में घायल हुए थे। उनके अनुसार, पथराव के दौरान एक पत्थर सीधे उनके माथे पर लगा। वहीं, 20 जुलाई को सीजेपी के संसद मार्च के दौरान भी प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव हुआ था। उस समय प्रदर्शनकारी संसद गेट के करीब पहुंच गए थे, जिसके बाद उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया था।
घायल पुलिसकर्मियों से मिले विशेष सीपी
उधर, मुंबई पुलिस ने 18 से 22 जुलाई के बीच बिना अनुमति प्रदर्शन करने के आरोप में 13 एफआईआर दर्ज की हैं। इन मामलों में करीब 400 लोगों को नामजद कर नोटिस जारी किए गए हैं। दूसरी ओर, 22-23 जुलाई की रात दिल्ली पुलिस के विशेष सीपी देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने आरएमएल अस्पताल पहुंचकर जंतर-मंतर की झड़प में घायल पुलिसकर्मियों का हालचाल जाना।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









