नीट पेपर लीक मामले में 12 अगस्त को होगा फैसला: 13 आरोपितों की हिरासत बढ़ी, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से होगी पूछताछ

NEET-UG पेपर लीक मामले में सोमवार को दिल्ली की राउज एवेन्यू स्थित विशेष फास्ट ट्रैक कोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान आरोपितों को तत्काल राहत नहीं मिली। अदालत ने चार्जशीट पर संज्ञान लेने का निर्णय फिलहाल टालते हुए अगली तारीख 12 अगस्त तय की है। इसी दिन कोर्ट चार्जशीट पर संज्ञान लेने को लेकर फैसला करेगा। अदालत ने सभी आरोपितों की न्यायिक हिरासत भी 12 अगस्त तक बढ़ा दी है।
कोर्ट के आदेश के मुताबिक न्यायिक हिरासत में रखे गए आरोपितों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पूछताछ की जाएगी। इससे पहले विशेष फास्ट ट्रैक कोर्ट ने बीते गुरुवार को मामले में शामिल सभी 13 आरोपितों की न्यायिक हिरासत 10 अगस्त तक बढ़ाई थी। सोमवार की सुनवाई के बाद यह अवधि अब 12 अगस्त तक कर दी गई है।
तीन आरोपितों की टेस्ट कराने की मांग खारिज
सुनवाई के दौरान मांगीलाल बिवाल, विकास बिवाल और दिनेश बिवाल की ओर से दाखिल अर्जी पर भी अदालत ने फैसला सुनाया। तीनों ने पॉलीग्राफ, ब्रेन मैपिंग और लाई डिटेक्टर टेस्ट कराने के लिए निर्देश देने की मांग की थी। कोर्ट ने उनकी अर्जी खारिज कर दी।
फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन के बाद बदला न्यायिक स्तर
मामले की सुनवाई पहले राउज एवेन्यू में न्यायाधीश अजय गुप्ता की अदालत में हो रही थी। फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित होने के बाद प्रकरण विशेष न्यायाधीश अनु ग्रोवर बलिगा के पास चला गया था। उनके स्थानांतरण के बाद अजय गुप्ता को फास्ट ट्रैक कोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया। अब 12 अगस्त की सुनवाई पर चार्जशीट पर संज्ञान को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।










