NEET PG 2026 में सुरक्षा होगी और सख्त: 30 अगस्त को एक शिफ्ट में होगा एग्जाम, 2.73 लाख अभ्यर्थी होंगे शामिल

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने नीट पीजी-2026 परीक्षा को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए कई अहम बदलाव किए हैं। इस बार परीक्षा 30 अगस्त को एक ही शिफ्ट में आयोजित होगी और अभ्यर्थियों को संभव हो सके तो उनके घर के नजदीक परीक्षा केंद्र आवंटित किए जाएंगे। परीक्षा में किसी भी प्रकार की धांधली रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को पहले से अधिक मजबूत किया गया है। नीट-यूजी 2026 पेपर लीक से सबक लेते हुए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने पूरे परीक्षा तंत्र की सुरक्षा बढ़ाने की दिशा में 7.5 करोड़ रुपये का टेंडर भी जारी किया है।
इस वर्ष नीट पीजी के लिए 2.73 लाख अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 12.5 प्रतिशत अधिक है। परीक्षा देश के 340 शहरों में स्थित लगभग 1300 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। एनटीए ने 25 जुलाई को सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ा टेंडर जारी किया है, जिसकी बोलियां 17 अगस्त को खोली जाएंगी। चयनित एजेंसी अगले दो वर्षों तक एनटीए मुख्यालय समेत संवेदनशील स्थानों पर चौबीसों घंटे सुरक्षा व्यवस्था संभालेगी।
बायोमीट्रिक जांच और आईरिस स्कैन की व्यवस्था
परीक्षा के दिन अभ्यर्थियों का आधार आधारित सत्यापन किया जाएगा। प्रवेश से पहले बायोमीट्रिक जांच अनिवार्य होगी और सभी उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र पर दो से तीन घंटे पहले पहुंचना होगा। यदि किसी अभ्यर्थी का फिंगरप्रिंट सत्यापित नहीं होता है तो उसकी पहचान आईरिस (आंखों की पुतली) स्कैन के जरिए की जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर 60 हजार से अधिक कर्मियों की तैनाती, सीसीटीवी कैमरे, सिग्नल जैमर और स्वतंत्र पर्यवेक्षकों के माध्यम से लगातार निगरानी की जाएगी।
परीक्षा पैटर्न में भी किए गए बदलाव
परीक्षा की कुल अवधि 210 मिनट यानी तीन घंटे 30 मिनट होगी। प्रश्नपत्र को ए, बी और सी तीन सेक्शन में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सेक्शन के लिए निर्धारित समय होगा और एक बार कोई सेक्शन पूरा होने या उसका समय समाप्त होने के बाद अभ्यर्थी दोबारा उस सेक्शन में वापस नहीं जा सकेंगे। प्रत्येक सही उत्तर पर चार अंक मिलेंगे, जबकि गलत उत्तर पर एक अंक काटा जाएगा। बिना उत्तर छोड़े गए प्रश्नों के लिए कोई अंक नहीं मिलेगा। यदि किसी परीक्षा केंद्र पर तकनीकी या सर्वर संबंधी समस्या आती है तो तत्काल बैकअप व्यवस्था लागू की जाएगी।











