संसद में फिर ठप हुई कार्यवाही: शाह के बयान पर अड़ा विपक्ष, जंतर-मंतर और राम मंदिर चढ़ावे का उठाया मुद्दा

नई दिल्ली|10 अगस्त 2026
शाह के बयान पर अड़ा विपक्ष, जंतर-मंतर और राम मंदिर चढ़ावे का उठाया मुद्दा

मानसून सत्र के आखिरी चरण में सोमवार को भी संसद में विपक्ष के विरोध के चलते कामकाज प्रभावित रहा। लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होने के कुछ ही मिनट बाद हंगामे की स्थिति बन गई, जिसके बाद दोनों सदनों को दोपहर दो बजे तक स्थगित कर दिया गया। कार्यवाही शुरू होने से पहले विपक्षी सांसदों ने संसद परिसर में प्रदर्शन किया। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि जब तक गृह मंत्री अमित शाह संसद में आकर बयान नहीं देते, तब तक सदन में गतिरोध जारी रहेगा।

कांग्रेस समेत विपक्षी दल 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर छात्र प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई और अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे की चोरी के मुद्दे पर सरकार से जवाब मांग रहे हैं। कांग्रेस ने अपने लोकसभा और राज्यसभा सांसदों को 10, 11 और 12 अगस्त को सदन में मौजूद रहने के लिए व्हिप जारी किया है। पार्टी ने INDIA ब्लॉक के सहयोगी दलों से भी इन तीनों दिनों अपने सांसदों की उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा है।

महिला आरक्षण और परिसीमन पर नजर

20 जुलाई से शुरू हुआ मानसून सत्र 13 अगस्त को समाप्त होना है। पिछले तीन सप्ताह के दौरान दोनों सदनों में लगातार हंगामे और स्थगन के कारण कामकाज प्रभावित हुआ है। महिला आरक्षण, परिसीमन और FCRA संशोधन बिल को लेकर सरकार की रणनीति पर भी सस्पेंस बना हुआ है। सोमवार के लोकसभा एजेंडे में इनमें से किसी भी बिल को शामिल नहीं किया गया। अब तक दोनों सदनों में पब्लिक एग्जामिनेशन (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) संशोधन बिल, 2026 पर चर्चा हुई और इसे दोनों सदनों से पारित किया गया।

तीन अन्य बिल बिना चर्चा के हुए पारित

इसके अलावा तीन अन्य बिल दोनों सदनों से बिना चर्चा के पारित हुए हैं, जबकि दो अन्य विधेयक लोकसभा से पारित किए गए हैं। विपक्ष के विरोध और हंगामे के बीच लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक स्थगित कर दी गई। संसद परिसर में विपक्षी सांसदों ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।