राम मंदिर चढ़ावे पर संसद में रार: हंगामे के बीच दो अहम विधेयकों को मिली मंजूरी, चढ़ावा चोरी और छात्र आंदोलन पर विपक्ष उग्र

राम मंदिर चढ़ावा चोरी और नीट पेपर लीक से जुड़े मुद्दों पर विपक्ष के तीखे विरोध के बीच सोमवार को संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही हंगामेदार रही। लोकसभा में लगातार नारेबाजी के बीच सुप्रीम कोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या बढ़ाने संबंधी विधेयक पारित कर दिया गया। वहीं, राज्यसभा ने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विकास (संशोधन) विधेयक को मंजूरी दे दी। बाद में दोनों सदनों की कार्यवाही मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दी गई।
सत्र शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी और नीट पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन करने वाले छात्रों पर पुलिस कार्रवाई का मुद्दा जोरदार ढंग से उठाया। विपक्ष ने गृहमंत्री अमित शाह से सदन में उपस्थित होकर इस विषय पर बयान देने की मांग की। लगातार नारेबाजी और विरोध के कारण लोकसभा की कार्यवाही बाधित रही।
लोकसभा में जजों की संख्या बढ़ाने वाला विधेयक पारित
हंगामे के बीच केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने सुप्रीम कोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या 34 से बढ़ाकर 38 करने संबंधी संशोधन विधेयक सदन में पेश किया। पीठासीन अधिकारी ने सदस्यों को वैधानिक प्रस्ताव पर चर्चा के लिए आमंत्रित किया, लेकिन शोर-शराबा जारी रहने के कारण विधेयक को मतदान के लिए रखा गया और बिना चर्चा के पारित कर दिया गया। इस दौरान विपक्ष की ओर से अध्यादेश के विरोध में लाया गया वैधानिक प्रस्ताव भी वॉइस वोट से खारिज कर दिया गया।
मानसून सत्र में चार विधेयकों को मिल चुकी मंजूरी
संसद के मौजूदा मानसून सत्र में अब तक चार विधेयकों को मंजूरी मिल चुकी है। वंदे मातरम तथा पब्लिक एग्जामिनेशन (पेपर लीक) संशोधन विधेयक पहले ही दोनों सदनों से पारित हो चुके हैं। सोमवार को सुप्रीम कोर्ट (न्यायाधीशों की संख्या) संशोधन विधेयक लोकसभा से और विकास (संशोधन) विधेयक राज्यसभा से पारित हुआ। वहीं जन्म-मृत्यु पंजीकरण (संशोधन), आयकर (संशोधन), विदेशी अंशदान संशोधन और विकसित भारत शिक्षा अधिष्ठान विधेयक पर अभी संसद की मंजूरी मिलना बाकी है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









