राष्ट्रपति भवन में आज पद्म पुरस्कार समारोह: रोहित शर्मा और आर माधवन होंगे सम्मानित, धर्मेंद्र और शिबू सोरेन को मरणोपरांत पद्म विभूषण

नई दिल्ली|1 घंटा पहले
रोहित शर्मा और आर माधवन होंगे सम्मानित, धर्मेंद्र और शिबू सोरेन को मरणोपरांत पद्म विभूषण

राष्ट्रपति भवन के गणतंत्र मंडप में सोमवार को देश के प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कार समारोह का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू वर्ष 2026 के पहले चरण में 66 हस्तियों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित करेंगी। केंद्र सरकार ने 25 जनवरी को कुल 131 पद्म पुरस्कार विजेताओं के नामों की घोषणा की थी। शेष विजेताओं को दूसरे चरण में सम्मानित किया जाएगा। इस वर्ष कला, साहित्य, खेल, सामाजिक सेवा, विज्ञान और सार्वजनिक जीवन से जुड़ी कई चर्चित हस्तियों को सम्मान के लिए चुना गया है।

सोमवार को आयोजित होने वाले समारोह में दो पद्म विभूषण, छह पद्म भूषण और 58 पद्म श्री पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया जाएगा। दोनों हस्तियों का अपने-अपने क्षेत्रों में लंबा और प्रभावशाली योगदान रहा है। धर्मेंद्र को भारतीय सिनेमा में दशकों तक दिए गए योगदान के लिए सम्मानित किया जा रहा है, जबकि शिबू सोरेन को आदिवासी राजनीति और सामाजिक संघर्षों में उनकी भूमिका के लिए यह सम्मान दिया जा रहा है।

खेल और सिनेमा जगत की कई हस्तियां सूची में शामिल

इस वर्ष के पद्म पुरस्कारों में खेल और मनोरंजन जगत की कई चर्चित हस्तियों के नाम शामिल हैं। बॉलीवुड अभिनेता आर माधवन, भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा, महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर, पैरा एथलीट प्रवीण कुमार और भारतीय महिला हॉकी टीम की गोलकीपर सविता पूनियाको पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। वहीं मशहूर गायिका अलका याज्ञनिक को पद्म भूषण के लिए चुना गया है।

इस बार 19 महिलाओं को दिए जा रहे पद्म पुरस्कार

सरकार की ओर से जारी सूची के अनुसार इस बार कुल 19 महिलाओं को पद्म पुरस्कार दिए जा रहे हैं। इसके अलावा छह विदेशी, एनआरआई, पीआईओ और ओसीआई श्रेणी की हस्तियां भी सम्मानित होंगी। उल्लेखनीय है कि 16 पुरस्कार मरणोपरांत प्रदान किए जा रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश केटी थॉमस और केरल के पूर्व मुख्यमंत्री वीएस अच्युतानंदन को भी पद्म विभूषण से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है।

देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान माना जाता है पद्म पुरस्कार

पद्म पुरस्कार देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल हैं। हर वर्ष गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर इन पुरस्कारों की घोषणा की जाती है। पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित किया जाता है। राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाला यह समारोह भारतीय लोकतंत्र और सांस्कृतिक विरासत की गरिमा का प्रतीक माना जाता है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।