शाहदरा रेलवे स्टेशन पर सीट विवाद में युवक की मौत: ट्रेन में चढ़ने के दौरान दबंगों ने की थी मारपीट, पुलिस ने दर्ज किया केस

शाहदरा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में सीट को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इसमें एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद रेलवे स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के बागपत निवासी पंकज धामा के रूप में हुई है। रेलवे पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार पंकज धामा योगा एक्सप्रेस में सवार होने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान सीट को लेकर उनकी कुछ सहयात्रियों से कहासुनी हो गई। जानकारी के अनुसार, देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि कुछ लोगों ने पंकज पर लात-घूंसों से हमला कर दिया। प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर हुई इस घटना से यात्रियों में दहशत फैल गई। मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
गंभीर हालत में पहुंचाया गया अस्पताल
मारपीट में गंभीर रूप से घायल पंकज धामा को तत्काल गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल ले जाया गया। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे पुलिस और अन्य सीनियर अफसर मौके पर पहुंचे तथा जांच शुरू कर दी।
वायरल वीडियो बना जांच का आधार
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ युवक पंकज की पिटाई करते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान एक पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव करता और घायल युवक को बचाने का प्रयास करता नजर आता है। वीडियो में यह भी दिखाई दे रहा है कि पुलिसकर्मी के पहुंचने के बाद आरोपित जल्दबाजी में ट्रेन में सवार होकर वहां से निकल जाते हैं।
सीसीटीवी फुटेज चेक कर रही पुलिस
पुलिस ने बताया कि स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









