आगरा आकाश इंस्टीट्यूट में मचा हड़कंप: बेसमेंट में शॉर्ट सर्किट से उठा भारी धुआं, सुरक्षित बाहर निकाले गए 100 से अधिक छात्र

शहर के एक प्रमुख कोचिंग संस्थान आकाश इंस्टीट्यूट में मंगलवार को हड़कंप मच गया। बेसमेंट क्षेत्र में शॉर्ट सर्किट के कारण धुआं उठता दिखाई दिया। घटना के समय कोचिंग सेंटर में 100 से अधिक छात्र विभिन्न कक्षाओं में पढ़ाई कर रहे थे। धुआं दिखाई देते ही संस्थान प्रबंधन ने तत्काल सतर्कता बरतते हुए सभी कक्षाएं खाली करा दीं। इसके बाद छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते की गई कार्रवाई के चलते कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, बेसमेंट से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया। इसके बाद कोचिंग प्रबंधन ने बिना देर किए छात्रों को व्यवस्थित तरीके से बाहर निकालना शुरू कर दिया। कुछ ही मिनटों में पूरा भवन खाली करा लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। इससे क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस और फायर विभाग ने किया निरीक्षण
सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। टीम ने पूरे परिसर का निरीक्षण किया। जांच के दौरान आकाश इंस्टीट्यूट में अग्नि सुरक्षा से जुड़े आवश्यक इंतजाम संतोषजनक पाए गए। वहीं, समीप स्थित जीएस कोचिंग सेंटर में सुरक्षा मानकों में कई कमियां मिलीं। अधिकारियों ने पाया कि वहां आने-जाने का मार्ग काफी संकरा है। अग्निशमन यंत्र भी उपयोग योग्य स्थिति में नहीं थे। इस पर प्रशासन ने कोचिंग संचालकों और भवन स्वामियों को तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने की चेतावनी दी।
छात्रों ने बताया कैसे कराया गया सुरक्षित रेस्क्यू
छात्रा ने बताया कि हमारी क्लास चल रही थी, तभी शिक्षक और स्टाफ सदस्य अचानक कक्षा में पहुंचे। सभी छात्रों को तुरंत बाहर निकलने के लिए कहा। छात्रों को लाइन बनवाकर सुरक्षित निकास मार्ग से बाहर ले जाया गया। बाद में उन्हें जानकारी मिली कि भवन के निचले हिस्से में स्थित ट्रांसफार्मर के पास आग लगने की घटना हुई थी। वहीं छात्र ने बताया कि कक्षा में लगभग 50 छात्र मौजूद थे। शिक्षकों ने आग लगने की सूचना देते हुए सभी को फायर एग्जिट के जरिए बाहर निकाला। उन्होंने कहा कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही और किसी प्रकार की भगदड़ नहीं हुई। प्रशासन अब पूरे मामले की जांच कर रहा है। शहर के अन्य कोचिंग संस्थानों में भी अग्नि सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जा रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









