अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने पत्नी संग देखा ताजमहल: डायना बेंच पर खिंचवाई तस्वीरें, ताज की खूबसूरती से हुए प्रभावित

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने सोमवार को अपनी पत्नी जेनेट रूबियो के साथ विश्व प्रसिद्ध ताजमहल का दौरा किया। सुबह करीब सवा दस बजे आगरा पहुंचे रूबियो ने ताजमहल परिसर में लगभग 45 मिनट बिताए और इसकी स्थापत्य कला व इतिहास को करीब से जाना। भीषण गर्मी और 41 डिग्री सेल्सियस तापमान के बावजूद दोनों ने स्मारक का शांतिपूर्वक अवलोकन किया और गाइड से कई ऐतिहासिक सवाल भी पूछे।
मार्को रूबियो काले कोट-पैंट में नजर आए, जबकि उनकी पत्नी जेनेट ग्रे रंग के गाउन में दिखीं। दोनों ने काला चश्मा पहनकर ताजमहल का दीदार किया। इस दौरान उन्होंने प्रसिद्ध डायना बेंच पर बैठकर तस्वीरें भी खिंचवाईं। बाद में भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर भी उनके साथ शामिल हुए और तीनों ने एक साथ फोटो सेशन कराया। जेनेट रूबियो ने ताजमहल को “बेहद खूबसूरत” बताया।
हाई सिक्योरिटी के बीच हुआ दौरा
रूबियो के साथ करीब 60 सदस्यों का प्रतिनिधिमंडल भी आगरा पहुंचा था। उनके दौरे को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। ताजमहल परिसर में पहले से बैरिकेडिंग कर दी गई थी और पर्यटकों की आवाजाही सीमित कर दी गई थी। अमेरिकी विदेश मंत्री एयरपोर्ट से सीधे ताजमहल पहुंचे और वहां गोल्फ कार्ट के जरिए मुख्य परिसर तक गए। खेरिया एयरपोर्ट पर मंडलायुक्त दीपक कुमार और जिलाधिकारी मनीष बंसल ने उनका स्वागत किया। ताजमहल भ्रमण के बाद रूबियो होटल अमर विलास पहुंचे, जहां दोपहर के भोजन के बाद वे विशेष विमान से जयपुर रवाना हो गए।
भारत-अमेरिका रिश्तों के लिहाज से अहम दौरा
मार्को रूबियो शनिवार से चार दिवसीय भारत दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की थी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्पकी ओर से उन्हें अमेरिका आने का निमंत्रण दिया था। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब पिछले कुछ महीनों से व्यापार, टैरिफ और रणनीतिक मुद्दों को लेकर भारत और अमेरिका के बीच कुछ मतभेद सामने आए थे। ऐसे में रूबियो की यह यात्रा दोनों देशों के संबंधों को नई मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। ताजमहल जैसे सांस्कृतिक और ऐतिहासिक स्थलों का दौरा केवल पर्यटन नहीं, बल्कि सांस्कृतिक कूटनीति का भी हिस्सा होता है। इससे दोनों देशों के बीच सौहार्द और आपसी विश्वास को बढ़ावा मिलता है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।




